नई दिल्ली(जीतेन्द्र शर्मा): नारकोटिक्स स्क्वॉड/एनईडी ने नशे के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक अंतरराज्यीय गांजा सप्लायर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 21.700 किलोग्राम गांजा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 13 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 3:45 बजे एसआई निपेन्द्र, हेड कांस्टेबल जय किशोर और कांस्टेबल शुभम की टीम यूपी बॉर्डर क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इस दौरान भोपुरा से नंद नगरी की ओर एमसीडी स्कूल के पीछे सड़क पर दो काले बैग के साथ खड़े एक संदिग्ध व्यक्ति पर पुलिस की नजर पड़ी। पूछताछ के दौरान वह व्यक्ति बैग के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं दे सका और पुलिस टीम को गुमराह करने का प्रयास करने लगा।
शक के आधार पर जब दोनों बैगों की तलाशी ली गई तो उनमें प्रतिबंधित मादक पदार्थ गांजा पाया गया। इसके बाद नियमानुसार कानूनी प्रक्रिया अपनाते हुए एसीपी नंद नगरी की मौजूदगी में विस्तृत तलाशी ली गई, जिसमें कुल 21.700 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
इस संबंध में थाना नंद नगरी में एफआईआर संख्या 40/26 धारा 20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच में आरोपी की पहचान इरफान (49 वर्ष), पुत्र बाबू खान, निवासी दासना, गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पहले भी दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में पॉक्सो एक्ट, एनडीपीएस, धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट से जुड़े कुल आठ मामलों में शामिल रह चुका है। मामले में आगे की जांच जारी है।


