
उत्तर पूर्वी दिल्ली के सुभाष मोहल्ला स्थित कृष्णा पार्क में स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक विशेष सफाई अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान का नेतृत्व निगम पार्षद मनीषा पूनिया ने किया, जिसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
अभियान के दौरान पार्क और उसके आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की गई तथा लोगों को स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया। इस अवसर पर आशीष पुनिया,चौधरी ईश्वर सिंह (जिला उपाध्यक्ष, नवीन शाहदरा), योगेश पाराशर (पूर्व मंडल अध्यक्ष), विपिन बिधूडिया (मंडल अध्यक्ष) संजय शर्मा, महामंत्री रजत गुप्ता रमेश सोलंकी, सुमन शर्मा निर्जला गुप्ता सहित कई गणमान्य व्यक्ति व लोग उपस्थित रहे।
निगम पार्षद मनीषा पूनिया ने कहा कि स्वच्छ वातावरण न केवल हमारे स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है, बल्कि यह समाज की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने स्थानीय निवासियों से अपील की कि वे कूड़ा इधर-उधर न फैलाएं और अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने में सहयोग करें।
स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के अभियानों से न केवल क्षेत्र की सुंदरता बढ़ती है, बल्कि लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता भी आती है। अंत में सभी ने मिलकर स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया।


