नोएडा: भारत के तेजी से बढ़ते प्रीमियम हॉस्पिटैलिटी बाजार में बड़ा कदम उठाते हुए रेडिसन होटल ग्रुप (आरएचजी) और MBD ग्रुप ने मास्टर फ्रेंचाइज़ी समझौते के तहत दीर्घकालिक रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की है। इस समझौते के तहत भारत में आरएचजी के लग्ज़री और लाइफस्टाइल ब्रांड्स — रेडिसन कलेक्शन और रेडिसन रेड — का विस्तार किया जाएगा।
साझेदारी के अंतर्गत एमबीडी ग्रुप देशभर में चिन्हित और आपसी सहमति वाले स्थानों पर इन दोनों ब्रांड्स के लिए बिज़नेस डेवलपमेंट, मैनेजमेंट और फ्रेंचाइज़िंग की जिम्मेदारी निभाएगा। यह सहयोग आरएचजी की एसेट-लाइट रणनीति और वैश्विक ब्रांड मानकों के अनुरूप होगा, जिससे भारत जैसे प्रमुख बाजार में विकास की गति और तेज होने की उम्मीद है।
इस समझौते के तहत नोएडा स्थित प्रतिष्ठित रेडिसन ब्लु होटल नोएडा को व्यापक अपग्रेडेशन के बाद रेडिसन कलेक्शन MBD के रूप में परिवर्तित किया जाएगा। यह कदम आरएचजी के लग्ज़री पोर्टफोलियो को मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा है।
एमबीडी ग्रुप ने पहले दशक में 50 सह-ब्रांडेड होटलों का लक्ष्य रखा है, जिनमें लगभग 80 प्रतिशत होटल प्रबंधित और फ्रेंचाइज़ी मॉडल पर तथा 20 प्रतिशत स्वामित्व वाले होंगे। कंपनी की संपत्ति हिस्सेदारी लगभग 25 प्रतिशत रहेगी।
दोनों समूहों का मानना है कि यह साझेदारी भारत में डिजाइन-आधारित, अनुभव-केंद्रित लग्ज़री और लाइफस्टाइल हॉस्पिटैलिटी की बढ़ती मांग को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और देश को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर और सशक्त बनाएगी।


