दिल्ली(जीतेन्द्र शर्मा): नेशनल फ़र्टिलाइज़र्स लिमिटेड (NFL) ने कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक अहम पहल करते हुए दिल्ली नगर निगम (MCD) के शाहदरा नॉर्थ ज़ोन के 28 सरकारी विद्यालयों में 50 RO सिस्टम और 50 वाटर कूलर उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।
इस परियोजना के लिए NFL के माननीय बोर्ड द्वारा ₹50 लाख के CSR फंड को स्वीकृति प्रदान की गई है। फिलहाल योजना का कार्यान्वयन प्रगति पर है और आगामी माह में चरणबद्ध तरीके से सभी चयनित विद्यालयों में RO एवं वाटर कूलरों की स्थापना की जाएगी।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को स्वच्छ, सुरक्षित और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना है, जिससे उनके स्वास्थ्य और अध्ययन दोनों पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
NFL प्रबंधन की ओर से सभी संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों से अनुरोध किया गया है कि स्थापना कार्य के दौरान नियुक्त ठेकेदार को आवश्यक सहयोग प्रदान करें, ताकि परियोजना को समयबद्ध और सुचारू रूप से पूरा किया जा सके।
यह पहल न केवल विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि सार्वजनिक क्षेत्र की इकाइयों की सामाजिक जिम्मेदारी को भी दर्शाती है।


