Thursday, February 12, 2026
spot_img
HomeDelhi1203.40 लाख की लागत से सहसपुर में सड़क चौड़ीकरण के द्वितीय चरण...

1203.40 लाख की लागत से सहसपुर में सड़क चौड़ीकरण के द्वितीय चरण का शिलान्यास

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत जनपद देहरादून के सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में 1203.40 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले सड़क चौड़ीकरण कार्य के द्वितीय चरण (किलोमीटर 1 से 10) का शिलान्यास किया। यह कार्य मीठीबेरी से परवल होते हुए चांदनी चौक तक तथा परवल से विज्ञान धाम झाझरा तक किया जाएगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सुदृढ़ सड़क अवसंरचना प्रदेश के समग्र विकास का आधार है। बेहतर कनेक्टिविटी से स्थानीय व्यापार, पर्यटन, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं को नई गति मिलेगी और क्षेत्र की आर्थिकी सशक्त होगी।

सहसपुर क्षेत्र के विकास हेतु महत्वपूर्ण घोषणाएं

मुख्यमंत्री ने सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की घोषणा की। इनमें भाऊवाला में पेयजल आपूर्ति के लिए नलकूप निर्माण, नगर निगम क्षेत्र में जलभराव से निजात हेतु दरू चौक से केशववाला नदी तक नाला निर्माण, आर्केडिया बड़ोवाला पार्क के पास मोक्षधाम निर्माण और आसनपुर से श्मशान घाट तक पुस्ता एवं मार्ग निर्माण शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त ठाकुरपुर अंतर्गत उमेदपुर व परवल में आसन नदी पर कृषि भूमि की सुरक्षा हेतु पुस्ता निर्माण, नगर निगम वार्ड संख्या 93 बड़ोवाला आवासीय क्षेत्र की सुरक्षा के लिए पुस्ता निर्माण तथा पौंधा में श्मशान घाट सड़क निर्माण एवं भूमि कटाव रोकने के लिए पुस्ता निर्माण की भी घोषणा की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनभावनाओं के अनुरूप आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है और प्रदेश में संतुलित एवं समावेशी विकास सुनिश्चित किया जा रहा है।

समावेशी विकास और मातृशक्ति सशक्तिकरण पर जोर

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय रेटिंग्स उत्तराखंड को समावेशी विकास में अग्रणी राज्य के रूप में स्थापित कर रही हैं। उन्होंने मातृशक्ति को पहाड़ की अर्थव्यवस्था का केंद्र बताते हुए कहा कि ‘लखपति दीदी’ योजना के माध्यम से महिलाएं स्वयं सहायता समूहों के जरिए ऐसे उत्पाद तैयार कर रही हैं जो बहुराष्ट्रीय कंपनियों को भी प्रतिस्पर्धा दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था 26 गुना बढ़ी है, बजट आकार एक लाख करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है, विद्युत उत्पादन चार गुना बढ़ा है तथा रिवर्स माइग्रेशन में 44 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई है।

देवभूमि की अस्मिता पर जीरो टॉलरेंस

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि देवभूमि उत्तराखंड की मूल पहचान, संस्कृति और जनसांख्यिकीय संतुलन से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून तथा अवैध अतिक्रमण और भू-माफियाओं के विरुद्ध कार्रवाई राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि इस वित्तीय वर्ष में 10 से 12 हजार नियुक्तियों की तैयारी की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने स्थानीय विधायक सहदेव सिंह पुंडीर की क्षेत्रीय समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता और सक्रियता की सराहना की।

वहीं विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सुशासन और विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। युवा, महिला और किसानों के हित में अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं और सबका साथ, सबका विकास तथा सबके विश्वास के सिद्धांत पर कार्य किया जा रहा है।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_imgspot_img

Most Popular

Recent Comments