नई दिल्ली,दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2026 के 27वें मुकाबले में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए न्यू दिल्ली टाइगर्स को 6 विकेट से हरा दिया। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में 218 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए साउथ दिल्ली ने 19.4 ओवर में 4 विकेट पर 218 रन बनाकर दो गेंद शेष रहते यादगार जीत दर्ज की।
इस जीत के सबसे बड़े नायक विकेटकीपर-बल्लेबाज तेजस्वी दहिया रहे, जिन्होंने दबाव के क्षणों में बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए मात्र 29 गेंदों पर नाबाद 60 रन ठोक दिए। उनकी पारी में 6 चौके और 4 शानदार छक्के शामिल रहे।
टॉस जीतकर साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। न्यू दिल्ली टाइगर्स की शुरुआत हालांकि अच्छी नहीं रही। देव चौधरी खाता खोले बिना आउट हो गए, जबकि केशव दलाल सिंह ने 10 गेंदों पर 17 रन बनाए।
इसके बाद वैभव रावल और अतुल्य पांडे ने पारी को संभाला। वैभव रावल ने 30 गेंदों पर 44 रन बनाए, जबकि अतुल्य पांडे ने 17 गेंदों में 23 रनों का योगदान दिया। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 62 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की।

New Delhi Tigers vs South Delhi Superstarz of Delhi Premier League T20 Season 3 at Arun Jaitley Stadium, New Delhi on 15th August 2026
©️Adimazes/ DPLT20
No Archive Allowed
मध्यक्रम में कप्तान हिम्मत सिंह ने तेजतर्रार बल्लेबाजी करते हुए 19 गेंदों पर 38 रन बनाए। उनकी पारी में 3 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। इसके बाद मनीष सहरावत ने भी आक्रामक अंदाज अपनाते हुए केवल 20 गेंदों में 42 रन जड़ दिए, जिसमें 3 चौके और 4 छक्के शामिल थे। लक्ष्य थरेजा ने अंत तक नाबाद रहते हुए 16 गेंदों पर 30 रन बनाए और टीम का स्कोर 20 ओवर में 7 विकेट पर 217 रन तक पहुंचा दिया।
साउथ दिल्ली की ओर से दिवांश रावल ने 2 विकेट हासिल किए, जबकि अंकित डाबस ने किफायती गेंदबाजी करते हुए अपने 4 ओवर में सिर्फ 25 रन देकर 1 विकेट लिया।218 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। अनमोल शर्मा ने केवल 8 गेंदों पर 18 रन बनाकर तेज शुरुआत दिलाई, जबकि सनत सांगवान ने 18 गेंदों में 28 रनों की पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों की बदौलत टीम ने पावरप्ले में 56 रन जोड़ दिए।
इसके बाद कप्तान आयुष बदोनी और प्रणव पंत ने पारी को संभालते हुए महत्वपूर्ण 56 रनों की साझेदारी की। बदोनी ने 25 गेंदों पर 35 रन बनाए, जबकि प्रणव पंत ने 27 गेंदों में 32 रन जोड़े। दोनों के लगातार अंतराल में आउट होने के बाद मुकाबला एक समय बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया।अंतिम 5 ओवर में साउथ दिल्ली को जीत के लिए 76 रनों की जरूरत थी और यहीं से तेजस्वी दहिया ने मुकाबले का रुख पूरी तरह बदल दिया। उन्होंने बेखौफ बल्लेबाजी करते हुए न्यू दिल्ली टाइगर्स के गेंदबाजों पर जमकर प्रहार किया।
तेजस्वी को दूसरे छोर से प्रणशु विजयरण का शानदार साथ मिला, जिन्होंने मात्र 13 गेंदों पर नाबाद 26 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों ने सिर्फ 28 गेंदों में नाबाद 76 रनों की साझेदारी कर टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचा दिया।
तेजस्वी दहिया की विस्फोटक बल्लेबाजी की बदौलत साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज ने 19.4 ओवर में 4 विकेट पर 218 रन बनाकर 6 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। 29 गेंदों पर नाबाद 60 रनों की उनकी मैच विनिंग पारी ने अरुण जेटली स्टेडियम में मौजूद दर्शकों को रोमांचित कर दिया।


