नई दिल्ली – देश की आंतरिक सुरक्षा पर बढ़ते खतरों और सांस्कृतिक चेतना के पुनर्जागरण के संदेश के साथ 13 और 14 दिसंबर 2025 को राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में भव्य ‘सनातन राष्ट्र शंखनाद महोत्सव’का आयोजन किया जाएगा। यह महोत्सव ‘सेव कल्चर सेव भारत फाउंडेशन’ की प्रस्तुति और ‘सनातन संस्था’ के तत्वावधान में आयोजित हो रहा है। इसकी जानकारी संस्था के प्रवक्ता अभय वर्तक ने दिल्ली प्रेस क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित पत्रकार परिषद में दी।
अभय वर्तक ने बताया कि हाल ही में दिल्ली में हुए बम विस्फोट और देश में सक्रिय ‘व्हाइट कॉलर आतंकी समूहों’ द्वारा योजनाबद्ध हमलों की आशंका ने आंतरिक सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। उन्होंने कहा कि देशविरोधी विदेशी शक्तियाँ, नक्सलवाद, अलगाववाद, नैरेटिव युद्ध और सांस्कृतिक विघटनकारी गतिविधियों से निपटने के लिए राष्ट्र में सुरक्षा चेतना और क्षात्रतेज का पुनर्जीवन आवश्यक है। इसी उद्देश्य से यह महोत्सव राष्ट्र को सनातन मूल्यों के मार्ग पर सशक्त बनाने का प्रयास है।
सच्चिदानंद परब्रह्म डॉ. जयंत आठवले द्वारा संकल्पित रामराज्य जैसे आदर्श ‘सनातन राष्ट्र’ की दृष्टि को जन-जन तक पहुँचाने के लिए यह महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। इससे पूर्व पहला शंखनाद महोत्सव गोवा में संपन्न हुआ था, जिसमें 23 देशों से 30,000 से अधिक श्रद्धालुओं ने भाग लिया था।
दिल्ली में होने वाले इस महोत्सव में—सनातन संस्कृति संवाद,राष्ट्रीय सुरक्षा, आतंकवाद और नक्सलवाद,रक्षा नीति,राष्ट्रबल सुदृढ़ीकरण जैसे विषयों पर विशेषज्ञों के सत्र आयोजित होंगे।
दूसरे दिन ‘विश्वकल्याणकारी सनातन राष्ट्र’ विषय पर विशेष सत्र आयोजित होगा।
महोत्सव के साथ 13 से 15 दिसंबर तक भारत मंडपम के एग्जिबिशन हॉल नं. 12 में तीन दिवसीय प्रदर्शनी भी आयोजित होगी, जिसमें—छत्रपति शिवाजी महाराज काल के 250 से अधिक दुर्लभ शस्त्र,सनातन संस्कृति, कला और आध्यात्मिक विरासत से संबंधित वस्तुएँ प्रदर्शित की जाएँगी। प्रदर्शनी प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक खुली रहेगी। पारंपरिक युद्धकलाओं के रोमांचकारी प्रदर्शन भी कार्यक्रम का आकर्षण होंगे।
महोत्सव में अनेक संत-महंत, नीति विशेषज्ञ, न्यायविद और राष्ट्रीय स्तर की हस्तियाँ शिरकत करेंगी। इनमें प्रमुख हैं—प.पू. स्वामी गोविंददेवगिरी महाराज,केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत,संजय सेठ, श्रीपाद नाईक,दिल्ली के सांस्कृतिक मंत्री कपिल मिश्रा,सांसद छत्रपति उदयनराजे भोसले,पूर्व CJI उदय लळित,रक्षा विशेषज्ञ मेजर गौरव आर्य,अधिवक्ता विष्णु शंकर जैन,सुदर्शन न्यूज के प्रधान संपादक सुरेश चव्हाणके,सहित अनेक प्रतिष्ठित व्यक्तित्व।
महोत्सव में भाग लेने और विस्तृत जानकारी पाने के लिए
SanatanRashtraShankhnad.in पर पंजीकरण करना अनिवार्य है। प्रवेश के लिए सरकारी पहचान पत्र आवश्यक होगा।


