ग्वालियर – प्रो पंजा लीग सीज़न 2 में रोहतक रॉडीज़ के खिलाड़ी आर्यन कंडारी और उनकी बहन आकृति कंडारी ने न केवल मैदान पर दम दिखाया, बल्कि भाई-बहन के रिश्ते की मिसाल भी पेश की। उत्तराखंड के श्रीनगर के रहने वाले इस जोड़ी ने आर्म रेसलिंग में अपने जुनून और मेहनत से अलग पहचान बनाई है।
आर्यन ने बताया कि उनका सफर पावरलिफ्टिंग से शुरू हुआ और कॉलेज के दिनों में मज़े-मज़े में आर्म रेसलिंग खेलते हुए उन्होंने राज्य, राष्ट्रीय और फिर प्रो पंजा लीग तक का सफर तय किया। पहली बार लीग में शामिल होते समय उन्होंने टीम से अपनी बहन आकृति को भी खेलने के लिए नाम सुझाया।

आकृति ने भाई की प्रेरणा से सिर्फ एक महीने की तैयारी में लीग में डेब्यू किया और खास बात यह रही कि उन्होंने पहले एशियन प्रतियोगिता, फिर नेशनल और उसके बाद स्टेट स्तर पर मुकाबला खेला। दोनों के परिवार में खेल का माहौल रहा है—दादाजी पुलिस ऑफिसर और एथलीट, मां मैराथन धाविका और पिताजी पुलिस की तैयारी करते थे।
दोनों खिलाड़ियों ने रोहतक रॉडीज़ के साथ अपने अनुभव को बेहतरीन बताते हुए कहा कि टीम मालिक अभिषेक मलिक हर ज़रूरत पर तुरंत मदद करते हैं और खिलाड़ियों का पूरा सहयोग करते हैं।
आर्यन के मुताबिक, प्रो पंजा लीग और सोशल मीडिया ने इस खेल की लोकप्रियता को नए स्तर पर पहुंचा दिया है। “पहले 10-15 लोग खेलते थे, अब 100 से लेकर 1000 लोग तक जुड़ रहे हैं,” उन्होंने कहा।
प्रो पंजा लीग सीज़न 2 ग्वालियर के अटल बिहारी वाजपेयी प्रशिक्षण केंद्र, दिव्यांगजन खेल में 21 अगस्त 2025 तक जारी रहेगा, जिसे दर्शक Sony Sports 3, DD Sports और FanCode पर लाइव देख सकते हैं।


