नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन के भव्य ग्रैंड ओपन स्टेयरकेस के पास अशोक मंडप क्षेत्र में स्वतंत्र भारत के पहले और एकमात्र भारतीय गवर्नर जनरल चक्रवर्ती राजगोपालाचारी (राजाजी) की अर्धप्रतिमा का अनावरण किया। यह समारोह राष्ट्र के गौरवशाली इतिहास और महान विभूतियों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का महत्वपूर्ण अवसर रहा।

राष्ट्रपति भवन में स्थापित यह प्रतिमा पूर्व में लगी ब्रिटिश वास्तुकार एडविन लुटियंस की अर्धप्रतिमा के स्थान पर लगाई गई है। यह पहल औपनिवेशिक मानसिकता के प्रतीकों को पीछे छोड़ते हुए भारत की समृद्ध संस्कृति, विरासत और राष्ट्रनिर्माताओं को सम्मानित करने की दिशा में एक सार्थक कदम मानी जा रही है।
इस अवसर पर उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री एल. मुरुगन सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति और राजाजी के परिवारजन उपस्थित रहे।

राजाजी भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के प्रमुख नेताओं में से एक थे और वे स्वतंत्र भारत के अंतिम गवर्नर जनरल बने। उनकी प्रशासनिक क्षमता, राष्ट्र के प्रति समर्पण और वैचारिक स्पष्टता ने उन्हें भारतीय राजनीति में एक विशिष्ट स्थान दिलाया। राष्ट्रपति भवन में उनकी अर्धप्रतिमा की स्थापना राष्ट्र के प्रति उनके असाधारण योगदान को सच्ची श्रद्धांजलि है।


