नई दिल्ली, 17 अगस्त। देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता के संदेश के साथ नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने सोमवार को कनॉट प्लेस में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। ‘हर घर तिरंगा-2026’ अभियान के तहत आयोजित यात्रा में करीब 6 हजार विद्यार्थियों, शिक्षकों, एनडीएमसी कर्मचारियों, अभिभावकों और विभिन्न वर्गों के नागरिकों ने हिस्सा लिया। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जनपथ रेडियल, इनर सर्कल से यात्रा को हरी झंडी दिखाई।
तिरंगा हाथों में लेकर बड़ी संख्या में विद्यार्थी और नागरिक कनॉट प्लेस के इनर सर्कल में मार्च करते हुए आगे बढ़े। इस दौरान देशभक्ति के नारों से राजधानी का प्रमुख बाजार क्षेत्र गूंज उठा। यात्रा ने इनर सर्कल का एक पूरा चक्कर लगाया और इसके बाद इसका समापन हुआ।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल हाथ में राष्ट्रीय ध्वज लेकर चलने का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह विकसित भारत के निर्माण के संकल्प की यात्रा है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में बच्चों और युवाओं की भागीदारी भारत की नई ऊर्जा और सामर्थ्य का प्रतीक है। विकसित भारत का निर्माण केवल सरकार के प्रयासों से नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के सामूहिक योगदान से संभव होगा।
उन्होंने कहा कि भारत मैन्युफैक्चरिंग, इनोवेशन, टेक्नोलॉजी, सॉफ्ट स्किल्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे क्षेत्रों में दुनिया का नेतृत्व करने की क्षमता रखता है। विकसित भारत केवल सपना नहीं, बल्कि एक मिशन है, जिसे पूरा करने के लिए देश को मिशन मोड में काम करना होगा।
युवाओं की भागीदारी ने बढ़ाया आयोजन का महत्व
एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि तिरंगा भारत के सम्मान, गौरव और पहचान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि स्कूली बच्चों, युवाओं, कर्मचारियों और समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी यह विश्वास मजबूत करती है कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
यात्रा में एनडीएमसी अध्यक्ष मनोज कुमार द्विवेदी, परिषद के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल, सदस्य दिनेश प्रताप सिंह, अनिल वाल्मीकि और सरिता तोमर, एनडीएमसी सचिव राहुल सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारी, आरडब्ल्यूए और मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
एनडीएमसी अधिकारियों के अनुसार, तिरंगा यात्रा के जरिए युवाओं में देशभक्ति, नागरिक चेतना और जिम्मेदार नागरिकता की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के समापन पर नागरिकों से ‘हर घर तिरंगा-2026’ अभियान में सक्रिय भागीदारी करते हुए घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अपील की गई।


