Saturday, September 19, 2026
Google search engine
HomeDelhiजोंटी सिद्धू की तूफानी पारी से सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने 210 रन...

जोंटी सिद्धू की तूफानी पारी से सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने 210 रन का पहाड़ किया फतह

नई दिल्ली: 3 अगस्त। दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2026 में सोमवार को अरुण जेटली स्टेडियम में दर्शकों को हाई-स्कोरिंग मुकाबला देखने को मिला। 210 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने जोंटी सिद्धू की विस्फोटक बल्लेबाजी की बदौलत नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स को 4 विकेट से हराकर रोमांचक जीत दर्ज की।

पहले बल्लेबाजी करते हुए नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने 20 ओवर में 3 विकेट पर 209 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और वैभव कंदपाल केवल 5 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद कप्तान सार्थक रंजन और यश भाटिया ने दूसरे विकेट के लिए 93 रन की शानदार साझेदारी कर पारी को संभाला।

सार्थक रंजन ने 39 गेंदों में 64 रन की जिम्मेदार पारी खेली, जबकि यश भाटिया ने 51 गेंदों पर नाबाद 90 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। अंत में भारत सिंधवानी ने सिर्फ 22 गेंदों में नाबाद 43 रन ठोककर स्कोर 200 के पार पहुंचा दिया। सेंट्रल दिल्ली किंग्स की ओर से तेजस बारोका सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने चार ओवर में 23 रन देकर एक विकेट लिया।

210 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेंट्रल दिल्ली किंग्स की शुरुआत लड़खड़ा गई और टीम 86 रन पर चार विकेट गंवा चुकी थी। इसके बाद जोंटी सिद्धू और आदित्य भंडारी ने पांचवें विकेट के लिए 82 रन की मैच पलटने वाली साझेदारी कर टीम की वापसी कराई।

आदित्य भंडारी ने 24 गेंदों में 46 रन की तेजतर्रार पारी खेली, जबकि जोंटी सिद्धू ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 38 गेंदों पर 75 रन बनाए। भंडारी के आउट होने के बाद भी सिद्धू ने रनगति पर नियंत्रण बनाए रखा और शानदार स्ट्रोक्स खेलते हुए टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया।

सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने लक्ष्य 19वें ओवर में ही हासिल कर लिया और चार विकेट से यादगार जीत दर्ज कर ली। जोंटी सिद्धू की मैच जिताऊ पारी ने इस मुकाबले को टूर्नामेंट के सबसे रोमांचक मैचों में शामिल कर दिया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments