नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के ब्रह्मपुरी इलाके के लोगों ने उत्तम नगर में 26 वर्षीय तरुण की हत्या के विरोध में बुधवार रात सकल हिंदू समाज के बैनर तले विभिन्न बस्तियों में विरोध प्रदर्शन किया गया। रात करीब 7 बजे से शुरू हुए इन प्रदर्शनों में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया और प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन बालाजी बस्ती, मोनी बाबा मंदिर बस्ती, कृष्णा बस्ती और शिव मंदिर बस्ती सहित कई स्थानों पर आयोजित किए गए। इस दौरान महिलाओं, युवाओं और समाज के अन्य लोगों ने एकत्र होकर तरुण की निर्मम हत्या पर रोष जताया और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि इस घटना के कारण एक परिवार पूरी तरह से बिखर गया है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से अपील की कि ऐसे मामलों में दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए और इलाके में कानून-व्यवस्था को मजबूत किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।


