Thursday, March 5, 2026
spot_img
HomeDelhiसीएम धामी ने विकास योजनाओं के लिए 171 करोड़ रुपये मंजूर किए,...

सीएम धामी ने विकास योजनाओं के लिए 171 करोड़ रुपये मंजूर किए, सड़क, बिजली और सिटी सेंटर परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार

देहरादून | ब्यूरो
उत्तराखंड में विकास कार्यों को गति देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न परियोजनाओं के लिए लगभग 171 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इन योजनाओं में सड़कों के निर्माण, विद्युत परियोजनाओं के सुदृढ़ीकरण, चंपावत में सिटी सेंटर के निर्माण, अतिथि गृह भवनों के पुनर्निर्माण तथा यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने से जुड़े कार्य शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने राज्य योजना के अंतर्गत जनपद बागेश्वर के विधानसभा क्षेत्र बागेश्वर में सातरतवे से सिगी नरगोल होते हुए गिरेछीना मिलान मोटर मार्ग के निर्माण के लिए 3.35 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। वहीं चमोली जिले के केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र में कालीमठ-कोटमा-जाल-चौमासी मोटर मार्ग के सुधारीकरण कार्य के लिए 3.75 करोड़ रुपये और पौड़ी गढ़वाल के लैंसडाऊन विधानसभा क्षेत्र में रिखणीखाल ब्लॉक के अंतर्गत कोटडीसैण के समीप ग्राम पैयागढ़ी रजबौ मल्ला दियोड मोटर मार्ग के निर्माण के लिए 4.27 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है।
इसके अलावा चंपावत जिले के लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में किमतोली से रौशाल मोटर मार्ग में हॉटमिक्स कार्य के लिए 12.15 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं चंपावत रोडवेज स्टेशन परिसर में आधुनिक स्टोरी पार्किंग और शॉपिंग कॉम्पलेक्स के रूप में सिटी सेंटर चंपावत के निर्माण के लिए 62.33 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।
मुख्यमंत्री ने लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना के निर्माण के लिए चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 में अनुदान संख्या-21 के अंतर्गत 50.25 करोड़ रुपये स्वीकृत किए जाने का भी अनुमोदन दिया है। इसके साथ ही नई दिल्ली स्थित उत्तराखंड सदन की दूसरी मंजिल पर 12 कमरों के सिविल एवं विद्युत कार्यों सहित नवीनीकरण के लिए 1.60 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
देहरादून शहर में बढ़ती यातायात समस्या के समाधान के लिए भी मुख्यमंत्री ने छह अलग-अलग कार्यों हेतु 33.45 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है, जिससे शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाने में मदद मिलेगी।
लोकतंत्र सेनानी पेंशन को भी मंजूरी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर निवासी श्रीमती सुमन जैन को 27 जून 2025 से 20 हजार रुपये प्रतिमाह लोकतंत्र सेनानी सम्मान पेंशन देने की स्वीकृति भी प्रदान की है।
शहीदों और सेनानियों के नाम पर होंगे मोटर मार्ग
मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा, चमोली और कर्णप्रयाग क्षेत्रों में कई मोटर मार्गों का नाम शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नाम पर रखने का भी अनुमोदन किया है। इनमें अल्मोड़ा के चौखुटिया क्षेत्र में कुनीगाड़-हिरुली बाजार से रामपुर-चौखुटिया मोटर मार्ग का नाम शहीद सूबेदार भवानी दत्त जोशी (सेना मेडल) के नाम पर रखा जाएगा।
डिजिटल एम्पावरमेंट मीट को मंजूरी
मुख्यमंत्री ने मार्च 2026 में देहरादून में प्रस्तावित “डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन थ्रू एआई – विकसित भारत 2047” विषय पर 5वें डिजिटल एम्पावरमेंट मीट एवं अवार्ड्स, उत्तराखंड चैप्टर के आयोजन को भी स्वीकृति प्रदान की है।
सरकार का कहना है कि इन योजनाओं के लागू होने से प्रदेश में आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी और विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_imgspot_img

Most Popular

Recent Comments