कड़कड़डूमा में रामलीला के पहले दिन रावण तपस्या से सीता जन्म तक का मंचन, भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने पर जोर

दिल्ली। कड़कड़डूमा स्थित अग्रवाल फन सिटी मॉल के सामने सीबीडी ग्राउंड में श्री बालाजी रामलीला कमेटी की ओर से रविवार को रामलीला का शुभारंभ किया गया। पहले दिन भगवान गणेश पूजन, रावण तपस्या, वेदवती प्रसंग, भगवान श्रीराम जन्म और माता सीता के जन्म की लीलाओं का मंचन किया गया। भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव के दौरान ड्रोन के माध्यम से आकाश से पुष्प वर्षा की गई, जिसे देखकर दर्शक उत्साहित नजर आए।
रामलीला के दौरान कलाकारों ने धार्मिक प्रसंगों को मंच पर जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। भगवान श्रीराम के जन्म पर किन्नरों के बधाई देने के प्रसंग का भी मंचन किया गया। विशाल मंच पर प्रस्तुतियों के साथ रामचरितमानस की चौपाइयों और हिंदू धार्मिक परंपराओं को भी दर्शाया जा रहा है।
इसी क्रम में रामलीला स्थल पर विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक किशोर गुप्ता भी पहुंचे। इस अवसर पर कमेटी के वाइस चेयरमैन प्रमोद गुप्ता और प्रधान रमेश शर्मा ‘पिल्लू’ ने अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिह्न भेंट कर उनका स्वागत किया।
कमेटी के प्रधान रमेश शर्मा ‘पिल्लू’ ने बताया कि रामलीला के माध्यम से भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और रामचरितमानस के प्रसंगों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आयोजन के दौरान सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल से बचने के प्रति लोगों को जागरूक करने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
कमेटी के महामंत्री राम भाई ने बताया कि रामलीला देखने आने वाले दर्शकों के लिए परिसर में खाने-पीने की भी व्यवस्था की गई है। यहां पुरानी दिल्ली की मशहूर चाट, गोलगप्पे, आलू की टिक्की के साथ हरियाणवी और राजस्थानी व्यंजनों का स्वाद भी लिया जा सकता है।


