नई दिल्ली,निजी क्षेत्र के प्रमुख बैंक Federal Bank ने अपने वेल्थ मैनेजमेंट कारोबार को मजबूत करने के उद्देश्य से एक नया वेल्थ मैनेजमेंट प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है और साथ ही अपना पहला ‘वेल्थ हब’ भी शुरू किया है। बैंक का कहना है कि यह कदम उसके वेल्थ मैनेजमेंट व्यवसाय के रणनीतिक विस्तार के अगले चरण का संकेत है।
90 से अधिक वर्षों की विरासत और ग्राहकों के भरोसे के साथ बैंक अपने ग्राहक-केंद्रित दृष्टिकोण को और मजबूत करने की दिशा में काम कर रहा है। नए प्लेटफॉर्म के माध्यम से बैंक ग्राहकों के जोखिम प्रोफाइल और बाजार अनुसंधान के आधार पर निवेश के विविध विकल्प उपलब्ध कराएगा। इन निवेश समाधानों में फिक्स्ड इनकम, इक्विटी, म्यूचुअल फंड, वैकल्पिक निवेश और GIFT City से जुड़े अवसर भी शामिल होंगे।
फेडरल बैंक देश के प्रमुख शहरों में समर्पित ‘वेल्थ हब्स’ स्थापित करने की योजना बना रहा है। ये विशेष केंद्र ग्राहकों को एक प्रीमियम और निजी माहौल उपलब्ध कराएंगे, जहां वे रिलेशनशिप मैनेजरों और पोर्टफोलियो सलाहकारों से सीधे मिलकर अपनी निवेश रणनीतियों की समीक्षा कर सकेंगे। ग्राहक यहां व्यक्तिगत मुलाकात या वर्चुअल माध्यम से विभिन्न एसेट क्लास से जुड़ी रिसर्च और निवेश सलाह भी प्राप्त कर सकेंगे।
इस रणनीतिक विस्तार के तहत बैंक ने Equirus Capital के साथ वेल्थ मैनेजमेंट सेवाओं की मौजूदा व्यवस्था में बदलाव करने का निर्णय लिया है। हालांकि, जो ग्राहक फिलहाल इक्विरस के माध्यम से वेल्थ मैनेजमेंट सेवाएं ले रहे हैं, उन्हें ये सेवाएं पहले की तरह बिना किसी बाधा के मिलती रहेंगी।
फेडरल बैंक के पास इक्विरस में 8.69 प्रतिशत हिस्सेदारी बनी रहेगी और दोनों संस्थान अल्ट्रा हाई नेटवर्थ ग्राहकों की निवेश जरूरतों को पूरा करने के लिए चुनिंदा उत्पादों और सेवाओं में सहयोग जारी रखेंगे।
बैंक के वेल्थ मैनेजमेंट कारोबार का नेतृत्व वीरेन्द्र सोमवंशी करेंगे, जिन्हें बैंकिंग क्षेत्र में वेल्थ मैनेजमेंट सेवाओं को विकसित करने और उनका विस्तार करने का व्यापक अनुभव है।
फेडरल बैंक के एमडी और सीईओ के. वी. एस. मणियन ने कहा कि इक्विरस के साथ साझेदारी ने बैंक को वेल्थ मैनेजमेंट क्षेत्र में मजबूत नींव बनाने में मदद की है। उन्होंने कहा कि अब विकास के अगले चरण में बैंक इस क्षेत्र में और अधिक निवेश कर अपनी खुद की फ्रेंचाइजी तैयार करना चाहता है।
वहीं, इक्विरस कैपिटल के एमडी अजय गर्ग ने कहा कि सात साल पहले शुरू हुई इस साझेदारी के बाद कंपनी 23 शहरों में अपनी मौजूदगी के साथ देश के शीर्ष वेल्थ मैनेजमेंट संस्थानों में शामिल हो चुकी है। उन्होंने कहा कि फेडरल बैंक के साथ तकनीक और बिजनेस विस्तार के स्तर पर सहयोग आगे भी जारी रहेगा।


