Wednesday, June 17, 2026
spot_img
HomeBlogओ-ज़ोन के नाम पर किसी भी मकान की एक भी ईंट नहीं...

ओ-ज़ोन के नाम पर किसी भी मकान की एक भी ईंट नहीं हिलने देंगे : कपिल मिश्रा

 

नई दिल्ली, 17 जून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष के कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित स्वच्छता अभियान और वृक्षारोपण कार्यक्रम में दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा ने कालकाजी में दक्षिणी दिल्ली के सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी के साथ सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार ओ-ज़ोन के नाम पर किसी भी मकान की एक भी ईंट नहीं हिलने देगी और प्रभावित लोगों के हितों की पूरी रक्षा की जाएगी।

कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कपिल मिश्रा ने ओ-ज़ोन के मुद्दे पर विपक्ष द्वारा चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब विपक्ष सत्ता में था तब यदि उसने ओ-ज़ोन में रहने वाले लोगों के हितों के लिए ठोस कदम उठाए होते तो आज हस्ताक्षर अभियान चलाने की आवश्यकता नहीं पड़ती। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकार ने वर्षों तक इस समस्या का समाधान नहीं किया और लोगों को अनिश्चितता की स्थिति में छोड़ दिया।

 

कपिल मिश्रा ने कहा कि वर्तमान सरकार इस विषय को लेकर पूरी तरह गंभीर है और जनता को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने विपक्ष पर राजनीतिक लाभ के लिए लोगों को भ्रमित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता अब सच्चाई को समझ चुकी है।

 

इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि देश पिछले 12 वर्षों में एक नए परिवर्तन काल का साक्षी बना है। गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, युवाओं को अवसर, किसानों के हित, आत्मनिर्भर भारत और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में उठाए गए कदम विकसित भारत की मजबूत आधारशिला साबित होंगे।

 

स्वच्छता अभियान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कपिल मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा शुरू किया गया ‘स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत’ अभियान अब जन आंदोलन का रूप ले चुका है। इसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान और पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने, दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने तथा मानसून के दौरान अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।

 

कार्यक्रम में निगम पार्षद योगिता सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष माया सिंह बिष्ट सहित पार्टी कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस दौरान स्वच्छता कर्मियों का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_imgspot_img

Most Popular

Recent Comments