राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, पुलिसकर्मियों के समर्पण को सराहा और सुरक्षित दिवाली मनाने की अपील की
नई दिल्ली। दीपावली के अवसर पर दिल्लीवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार, आईपीएस ने 8 नवंबर 2026 को राजधानी के विभिन्न इलाकों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से मुलाकात की और मिठाइयां बांटकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

पुलिस आयुक्त ने पुलिस पिकेट, पीसीआर वैन और ट्रैफिक चौराहों पर तैनात जवानों से बातचीत की। उन्होंने त्योहार के मौके पर अपने परिवारों से दूर रहकर जनता की सुरक्षा में जुटे पुलिसकर्मियों के समर्पण, मेहनत और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। उन्होंने जवानों का उत्साह बढ़ाते हुए उनकी सेवाओं को महत्वपूर्ण बताया।

मीडिया से बातचीत में अनुराग कुमार ने दिल्लीवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए सुरक्षित तरीके से त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस के जवान पूरी सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं, ताकि राजधानी के लोग शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में दीपावली मना सकें।
पुलिस आयुक्त ने दिल्ली पुलिस के साथ-साथ केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) के जवानों की भी सराहना की, जो पूरी मुस्तैदी से सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे थे।दौरे के दौरान उन्होंने साउथ एक्सटेंशन, ओबेरॉय फ्लाईओवर, भारत मंडपम, लक्ष्मी नगर मेट्रो स्टेशन, शांति वन, मॉडल टाउन और राजौरी गार्डन का निरीक्षण किया। इस अवसर पर स्पेशल सीपी लॉ एंड ऑर्डर, ज्वाइंट सीपी, विभिन्न रेंज के अधिकारी, जिला डीसीपी और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।


