Thursday, July 9, 2026
spot_img
HomeNewsHCL फाउंडेशन और यूपी सरकार मिलकर बनाएंगे स्वच्छ और सतत शहर, हरदोई,...

HCL फाउंडेशन और यूपी सरकार मिलकर बनाएंगे स्वच्छ और सतत शहर, हरदोई, प्रयागराज और आगरा में कचरा प्रबंधन होगा हाईटेक

नोएडा,उत्तर प्रदेश के शहरों को स्वच्छ, सुंदर और सतत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए HCL फाउंडेशन ने उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास विभाग के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस साझेदारी का उद्देश्य स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के तहत हरदोई, प्रयागराज और आगरा में आधुनिक और प्रभावी कचरा प्रबंधन प्रणाली विकसित करना है।

इस समझौते के तहत HCL फाउंडेशन और नगर विकास विभाग मिलकर इन तीनों शहरों में रणनीतिक योजना, पायलट परियोजनाएं, नीति एवं प्रक्रिया सुधार, आईटी आधारित तकनीकी समाधान और आधुनिक कचरा प्रबंधन प्रणाली को लागू करेंगे। इसका उद्देश्य शहरों में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करना और नागरिकों की भागीदारी के साथ टिकाऊ शहरी विकास को बढ़ावा देना है।

HCL फाउंडेशन के प्रमुख कार्यक्रम ‘माई क्लीन सिटी’के अंतर्गत हरदोई नगर पालिका परिषद को 10 ई-ड्रेन कार्ट और 10 ई-गारबेज लोडर भेंट किए गए, जिन्हें हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इसके साथ ही प्लास्टिक और अन्य रीसाइक्लिंग योग्य कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण को बढ़ावा देने के लिए तीन रिवर्स वेंडिंग मशीनों का भी उद्घाटन किया गया।

हरदोई शहर को सुंदर और आकर्षक बनाने के लिए HCL फाउंडेशन ने वॉल आर्ट अभियान की शुरुआत की है। इसके अलावा शहर के तीन प्रमुख बाजारों और तीन वार्डों को मॉडल मार्केट और मॉडल वार्ड के रूप में विकसित करने की योजना भी तैयार की गई है, जिससे स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं का बेहतर मॉडल स्थापित किया जा सके।

नगर विकास विभाग के सचिव एवं स्वच्छ भारत मिशन (शहरी), उत्तर प्रदेश के राज्य मिशन निदेशक अनुज कुमार झा (आईएएस) ने कहा कि विभाग पूरे प्रदेश में स्वच्छ, स्वस्थ और सतत शहरों के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि HCL फाउंडेशन के साथ यह साझेदारी संस्थागत क्षमता और कार्यान्वयन विशेषज्ञता को एक साथ लाकर कचरा प्रबंधन को नई दिशा देगी। इससे आगरा, हरदोई और प्रयागराज में शहरी स्वच्छता अभियान को गति मिलेगी और ऐसे मॉडल विकसित होंगे जिन्हें अन्य शहरों में भी अपनाया जा सकेगा।

HCL फाउंडेशन के प्रोजेक्ट डायरेक्टर (समुदाय एवं माई क्लीन सिटी) आलोक वर्मा ने कहा कि “माई क्लीन सिटी” एक नागरिक-नेतृत्व वाला कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य तकनीक और नवाचार के माध्यम से शहरों को स्वच्छ और बेहतर बनाना है। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026 में इस कार्यक्रम का विस्तार आगरा, हरदोई और प्रयागराज तक किया गया है और उत्तर प्रदेश सरकार के साथ यह साझेदारी इन प्रयासों को और मजबूत करेगी।

वर्ष 2018 में शुरू किया गया ‘माई क्लीन सिटी’ कार्यक्रम HCL फाउंडेशन की प्रमुख पहल है, जिसने नोएडा और ग्रेटर नोएडा में विज्ञान आधारित कचरा प्रबंधन और सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से शहरी स्वच्छता की नई मिसाल पेश की है।

अब तक इस कार्यक्रम के तहत लगभग 7.5 लाख नागरिकों को कचरे के सही प्रबंधन और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया है। एक लाख से अधिक हितधारकों को कचरा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया जा चुका है, 22 हजार टन से अधिक कचरे का वैज्ञानिक प्रबंधन किया गया है तथा 3,500 से अधिक स्कूली छात्र ‘एमसीसी वेस्ट चैंपियंस क्लब’ से जुड़कर स्वच्छता अभियान का हिस्सा बन चुके हैं।

HCL फाउंडेशन और उत्तर प्रदेश सरकार की यह साझेदारी आने वाले समय में राज्य के शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक कचरा प्रबंधन के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उदाहरण बनने की उम्मीद है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_imgspot_img

Most Popular

Recent Comments