Monday, August 31, 2026
Google search engine
HomeDelhiज़हरीली खेती के खिलाफ अब फिल्मी सितारों ने भी खोला मोर्चा, श्रेयस...

ज़हरीली खेती के खिलाफ अब फिल्मी सितारों ने भी खोला मोर्चा, श्रेयस तलपड़े बोले- हमारी थाली तक पहुंच रहा है ज़हर

दिल्ली। खेतों में कीटनाशकों और जहरीले रसायनों के बढ़ते इस्तेमाल को लेकर अब फिल्मी दुनिया की आवाज भी मुखर होने लगी है। राजधानी दिल्ली में फिल्म ‘द इंडिया स्टोरी’ की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अभिनेता श्रेयस तलपड़े, अभिनेत्री काजल अग्रवाल और निर्देशक चेट्टन डीके ने जहरीली खेती और उससे जनस्वास्थ्य पर पड़ने वाले असर को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की। कलाकारों ने कहा कि यह केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक करने की कोशिश है ताकि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य मिल सके।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में सबसे मुखर नजर आए श्रेयस तलपड़े। उन्होंने कहा कि एक अभिभावक होने के नाते यह विषय उन्हें व्यक्तिगत रूप से झकझोरता है। उन्होंने कहा, “हम अक्सर यह नहीं समझ पाते कि रोज हमारी थाली में क्या पहुंच रहा है और उसका हमारे बच्चों के स्वास्थ्य पर क्या असर पड़ सकता है। मेरी उम्मीद है कि दर्शक इस फिल्म को सिर्फ मनोरंजन के रूप में नहीं, बल्कि एक चेतावनी और जागरूकता के संदेश के रूप में भी देखेंगे।”

अभिनेत्री काजल अग्रवाल ने भी इस मुद्दे को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि मां बनने के बाद इस फिल्म को लेकर उनका नजरिया पूरी तरह बदल गया। उन्होंने कहा कि फिल्म की तैयारी के दौरान उन्हें ऐसे कई तथ्य पता चले, जिन्होंने उन्हें अंदर तक परेशान कर दिया। उनके अनुसार यह फिल्म केवल खाद्य मिलावट या कीटनाशकों के इस्तेमाल की कहानी नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा का सवाल उठाती है।

फिल्म के निर्देशक चेट्टन डीके ने स्पष्ट किया कि ‘द इंडिया स्टोरी’ किसानों के खिलाफ नहीं है। उन्होंने कहा कि फिल्म का उद्देश्य उन हानिकारक रसायनों के दुरुपयोग पर सवाल उठाना है, जो धीरे-धीरे हमारी खाद्य श्रृंखला का हिस्सा बनते जा रहे हैं। उनका कहना था कि यदि यह फिल्म कुछ परिवारों को भी अपने खानपान और खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक कर सके, तो इसकी सार्थकता साबित होगी।

यह सिर्फ एक फिल्म के प्रमोशन का कार्यक्रम नहीं था, बल्कि एक ऐसे मुद्दे को सामने लाने की कोशिश थी, जो हर परिवार की रसोई और हर व्यक्ति के स्वास्थ्य से जुड़ा है। जिस तरह देश के लोकप्रिय फिल्म कलाकार खुले मंच से जहरीली खेती और कीटनाशकों के अंधाधुंध इस्तेमाल पर चिंता जता रहे हैं, उससे साफ है कि यह विषय अब केवल किसानों या वैज्ञानिकों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सामाजिक बहस का हिस्सा बन चुका है।

‘द इंडिया स्टोरी’ का निर्देशन चेट्टन डीके ने किया है, जबकि इसके लेखक और निर्माता सागर बी. शिंदे हैं। यह फिल्म 24 जुलाई 2026 को हिंदी, तेलुगु और तमिल भाषाओं में देश-विदेश के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments