नई दिल्ली, 4 अगस्त। दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2026 में सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने एक बार फिर अपनी ताकत का दम दिखाते हुए 210 रनों जैसे विशाल लक्ष्य को भी बौना साबित कर दिया। अरुण जेटली स्टेडियम में नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स के खिलाफ टीम ने बेखौफ बल्लेबाजी करते हुए यादगार जीत दर्ज की। मुकाबले के बाद कप्तान Yash Dhull ने टीम की सफलता का राज बताते हुए कहा कि ट्रॉफी जीतने के लिए हर मैच में अलग-अलग खिलाड़ियों का आगे आना जरूरी होता है।
यश धुल ने कहा, “हमारी टीम की सबसे बड़ी ताकत यही है कि हर मुकाबले में कोई नया खिलाड़ी मैच जिताने की जिम्मेदारी निभा रहा है। पिछले मैच में वंश बेदी चमके थे, जबकि इस बार जोंटी सिद्धू और आदित्य भंडारी ने शानदार बल्लेबाजी कर जीत की कहानी लिख दी। जब पूरी टीम योगदान देती है तो किसी भी लक्ष्य का पीछा करना मुश्किल नहीं रहता।”
उन्होंने जोंटी सिद्धू और आदित्य भंडारी की साझेदारी को मैच का निर्णायक मोड़ बताते हुए कहा कि शुरुआती झटकों के बाद दोनों बल्लेबाजों ने जिस धैर्य और समझदारी से पारी को संभाला, उसने जीत की मजबूत नींव रख दी। यश ने कहा कि जोंटी पर टीम का भरोसा पिछले सीजन से था और इस मुकाबले में उन्होंने अपनी परिपक्व बल्लेबाजी से उसे सही साबित कर दिया।
मैच के हीरो Jonty Sidhu ने कहा कि बड़े लक्ष्य का पीछा करते समय टीम ने घबराने के बजाय धैर्य बनाए रखा। उन्होंने बताया, “हम जानते थे कि हर ओवर में एक-दो बड़े शॉट ही काफी होंगे। हमने जल्दबाजी नहीं की और अपनी योजना पर टिके रहे। पहले भी 200 से ज्यादा का लक्ष्य हासिल कर चुके थे, इसलिए टीम का आत्मविश्वास काफी ऊंचा था।”
लगातार तीसरी जीत के साथ सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने छह अंक जुटाकर अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर अपनी बादशाहत कायम कर ली है। टीम की मौजूदा फॉर्म ने बाकी टीमों के लिए खतरे की घंटी बजा दी है।


