जीतेन्द्र शर्मा
नई दिल्ली। प्रेम कहानी और सामाजिक सरोकारों को केंद्र में रखकर बनाई गई फिल्म ‘12 Gaam’ जल्द ही दर्शकों के बीच रिलीज होने जा रही है। करीब दो घंटे की इस फिल्म का निर्देशन वेद प्रकाश के. ने किया है, जबकि फिल्म के निर्माता ओविंद यादव हैं। फिल्म में हरियाणवी और हिंदी मनोरंजन जगत से जुड़े कई कलाकार और चर्चित चेहरे नजर आएंगे।
‘12 Gaam’ को लव स्टोरी और सोशल ड्रामा के रूप में तैयार किया गया है। फिल्म में प्रेम कहानी के साथ सामाजिक परिस्थितियों और मानवीय रिश्तों को भी कहानी का हिस्सा बनाया गया है। निर्माताओं के अनुसार फिल्म की कहानी मनोरंजन के साथ दर्शकों को सामाजिक पहलुओं पर सोचने का अवसर भी देगी।
फिल्म में ओविंद यादव मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। वह इससे पहले Love Angles, Legion of Doom, Latt और Arey Yaar जैसे प्रोजेक्ट्स में लीड अभिनेता के तौर पर काम कर चुके हैं। फिल्म में हरियाणा के चर्चित गायक केपी कुंडू भी महत्वपूर्ण भूमिका में दिखाई देंगे।
फिल्म की स्टारकास्ट में फिटनेस और सोशल मीडिया की दुनिया में पहचान रखने वाले राहुल धांदलानिया भी शामिल हैं। राहुल के सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में फॉलोअर्स हैं और वह अपने फिटनेस कंटेंट के लिए जाने जाते हैं। इसके अलावा अमन सिंधवानी भी फिल्म का हिस्सा हैं। अमन के यूट्यूब पर करीब 2.6 मिलियन सब्सक्राइबर और इंस्टाग्राम पर लगभग 7 लाख फॉलोअर्स बताए जाते हैं। वह सोशल मीडिया के साथ अभिनय में भी सक्रिय हैं।
अभिनेत्री और मॉडल साक्षी दलाल भी फिल्म में अहम भूमिका निभा रही हैं। हरियाणा के मनोरंजन क्षेत्र में काम कर चुकी साक्षी कई प्रोजेक्ट्स में मुख्य भूमिकाओं में नजर आ चुकी हैं।
फिल्म की कास्ट में अभिनेता जेडी भल्लू भी शामिल हैं, जो लाल रंग और पाताल लोक जैसे चर्चित प्रोजेक्ट्स में काम कर चुके हैं। वहीं अभिनेता नवीन ओहल्यान भी फिल्म में महत्वपूर्ण भूमिका में दिखाई देंगे। नवीन ओहल्यान ने फिल्म सुल्तान में सलमान खान के साथ स्क्रीन साझा की थी और फिल्म में उनके पिता की भूमिका निभाई थी।
‘12 Gaam’ में अनुभवी कलाकारों के साथ सोशल मीडिया और हरियाणा के मनोरंजन क्षेत्र से जुड़े नए चेहरों का मेल देखने को मिलेगा। फिल्म के निर्माताओं को उम्मीद है कि प्रेम, रिश्तों और सामाजिक परिस्थितियों से जुड़ी कहानी दर्शकों को पसंद आएगी।
फिल्म की रिलीज जल्द होने वाली है। हालांकि रिलीज की आधिकारिक तारीख की घोषणा का इंतजार है। फिल्म की कहानी, कलाकारों की मौजूदगी और हरियाणवी पृष्ठभूमि से जुड़े चेहरों के कारण ‘12 Gaam’ को लेकर दर्शकों में उत्सुकता बनी हुई है।


