बारिश से प्रभावित मुकाबले में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज़ को 39 रन से हराया, 10 ओवर के मैच में दिखाया ऑलराउंड प्रदर्शन
नई दिल्ली,दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2026 के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए बारिश से प्रभावित 10-10 ओवर के मुकाबले में आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज़ को 39 रन से हराकर टूर्नामेंट में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। टीम की जीत के नायक रहे यजस शर्मा, जिन्होंने विस्फोटक अंदाज में नाबाद अर्धशतक जड़ा, जबकि अनुभवी तेज गेंदबाज नवदीप सैनी ने घातक गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट चटकाए।
टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने निर्धारित 10 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 132 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम को तेज शुरुआत दिलाने में यजस शर्मा ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने सिर्फ 29 गेंदों में नाबाद 64 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें पांच चौके और पांच शानदार छक्के शामिल रहे। यजस ने शुरुआत से अंत तक आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए विपक्षी गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा।
वॉरियर्स की शुरुआत प्रियांश आर्य और यजस शर्मा ने तेज अंदाज में की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 31 रन जोड़े। प्रियांश 8 गेंदों में 10 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद अक्षय सैनी ने 10 गेंदों में 20 रन की तेजतर्रार पारी खेलकर रनगति को और बढ़ाया। अंतिम ओवरों में मोनू शुक्ला ने 13 गेंदों पर नाबाद 21 रन बनाते हुए यजस के साथ महत्वपूर्ण साझेदारी निभाई और टीम को 130 रन के पार पहुंचाया।

133 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज़ की शुरुआत बेहद खराब रही। वॉरियर्स के गेंदबाजों ने शुरुआती झटके देते हुए स्कोर 5 रन पर 2 विकेट और फिर 16 रन पर 4 विकेट कर दिया। इस दबाव से सुपरस्टार्ज़ की टीम पूरे मैच में उबर नहीं सकी।
इसके बाद तेजस्वी दहिया और एकांश डोबाल ने पांचवें विकेट के लिए 52 रन जोड़कर संघर्ष जरूर किया। तेजस्वी ने 11 गेंदों पर 18 रन बनाए, जबकि एकांश डोबाल ने मात्र 15 गेंदों में 35 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें चार छक्के और दो चौके शामिल रहे। हालांकि उनके आउट होते ही टीम की उम्मीदें भी खत्म हो गईं और पूरी टीम 93 रन पर सिमट गई।
आउटर दिल्ली वॉरियर्स की जीत में गेंदबाजों का भी अहम योगदान रहा। नवदीप सैनी ने अपने दो ओवरों में केवल 9 रन देकर तीन महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए और साउथ दिल्ली की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। अन्य गेंदबाजों ने भी अनुशासित गेंदबाजी करते हुए विपक्षी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया।
इस शानदार जीत के साथ आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने डीपीएल 2026 में अपनी लय बरकरार रखी, जबकि साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज़ को अगले मुकाबलों में वापसी के लिए अपनी बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में सुधार करना होगा।


