द्वारका सेक्टर-12 में स्पेशल स्टाफ की छापेमारी, अलग-अलग ब्रांड की ई-सिगरेट बरामद; सप्लाई नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
नई दिल्ली। द्वारका में पान सेंटर की आड़ में प्रतिबंधित ई-सिगरेट की बिक्री और सप्लाई किए जाने का मामला सामने आया है। द्वारका जिला पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने सेक्टर-12 में कार्रवाई करते हुए 52 वर्षीय दुकानदार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अलग-अलग ब्रांड और फ्लेवर की 106 प्रतिबंधित ई-सिगरेट बरामद की हैं।

पुलिस के मुताबिक, प्रतिबंधित ई-सिगरेट की अवैध बिक्री और सप्लाई पर रोक लगाने के लिए द्वारका जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान स्पेशल स्टाफ को सेक्टर-12 में एक पान सेंटर से प्रतिबंधित ई-सिगरेट की बिक्री किए जाने की सूचना मिली थी।
5 अक्टूबर को सूचना के आधार पर स्पेशल स्टाफ की टीम ने जी-4, सेक्टर-12, द्वारका स्थित आर्यन पान सेंटर पर छापा मारा। मौके से पुलिस ने लालचंद पुत्र रामदेव, निवासी उत्तम नगर, उम्र 52 वर्ष को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान दुकान से कुल 106 प्रतिबंधित ई-सिगरेट बरामद हुईं।
बरामद ई-सिगरेट में INOX PLASMA की 58, IGET SOUL B40000 की 33, OLIVE BAR की 10 और ELF BAR की 5 ई-सिगरेट शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी बरामद ई-सिगरेट के स्रोत और उनके कब्जे को लेकर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
मामले में थाना द्वारका नॉर्थ में FIR नंबर 341/26 के तहत Prohibition of Electronic Cigarettes Act, 2019 की धारा 4/7 में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी तक प्रतिबंधित ई-सिगरेट की खेप कहां से पहुंच रही थी और इस अवैध कारोबार के पीछे कोई बड़ा सप्लाई नेटवर्क तो नहीं है।
स्पेशल स्टाफ की टीम आगे की पूछताछ के जरिए प्रतिबंधित ई-सिगरेट की सप्लाई करने वाले अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। मामले में जांच जारी है।


