सनातन प्रचार ट्रस्ट के आयोजन में उमड़े हजारों श्रद्धालु, संस्कृति कला संगम के कलाकारों ने लाइट, साउंड और संगीत के शानदार संगम से जीवंत किया रामायण का प्रसंग
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के वेस्ट एन्क्लेव, पीतमपुरा स्थित रामलीला मैदान में सनातन प्रचार ट्रस्ट (रजि.) की ओर से 15 और 16 अक्टूबर को आयोजित ‘सम्पूर्ण रामायण’ में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने रामलीला की ज्योति प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला।
सनातन संस्कृति, धार्मिक आस्था और भारतीय परंपराओं को समर्पित इस भव्य आयोजन में संस्कृति कला संगम के कलाकारों ने लगभग तीन घंटे का शानदार लाइट, साउंड और म्यूजिकल थिएट्रिकल शो प्रस्तुत किया। कलाकारों ने अपने प्रभावशाली अभिनय, आकर्षक मंच सज्जा, संगीत और आधुनिक प्रकाश संयोजन के माध्यम से रामायण के महत्वपूर्ण प्रसंगों को जीवंत कर दिया।

सम्पूर्ण रामायण के मंचन में रावण द्वारा माता सीता के हरण का दृश्य दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। कलाकारों ने अपने सशक्त अभिनय और प्रभावशाली संवादों के माध्यम से इस प्रसंग को बेहद जीवंत अंदाज में प्रस्तुत किया। लाइट, साउंड और संगीत के शानदार संयोजन ने मंचन को और भी आकर्षक बना दिया। कार्यक्रम के दौरान पूरा परिसर श्रद्धालुओं की उपस्थिति से भक्तिमय नजर आया।
सनातन प्रचार ट्रस्ट (रजि.) के महासचिव धीरज गोयल ने बताया कि आयोजन में श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। इसके लिए वातानुकूलित ऑडिटोरियम और एसी फूड कोर्ट की व्यवस्था की गई है। साथ ही, सुरक्षा के मद्देनजर पूरे पंडाल को सीसीटीवी कैमरों से कवर किया गया है, ताकि कार्यक्रम के दौरान व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित हो सकें।
धीरज गोयल ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान बताया कि सम्पूर्ण रामायण के आयोजन के बाद 17 से 19 अक्टूबर तक भव्य डांडिया महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इस महोत्सव में लोकप्रिय कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। आयोजकों को उम्मीद है कि डांडिया महोत्सव में भी बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे।
इस अवसर पर अशोक जिंदल, दीपक कुमार, अभय गुप्ता महाजन, भीमसेन और दीपक अग्रवाल सहित सनातन प्रचार ट्रस्ट के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।


