विधायक चौधरी जुबैर अहमद और निगम पार्षद शगुफ्ता चौधरी जुबैर अहमद ने किया उद्घाटन, पुरुषों-महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए होंगी अलग सुविधाएं
नई दिल्ली। यमुनापार के जाफराबाद में सार्वजनिक शौचालय की लंबे समय से चली आ रही मांग अब पूरी होने की दिशा में आगे बढ़ी है। मेन रोड नंबर-66 पर गली नंबर-29 के सामने, वेलकम पुलिया के पास सार्वजनिक शौचालय ब्लॉक के निर्माण कार्य का उद्घाटन किया गया। एशिया की सबसे बड़ी जैकेट मार्केट के सामने इस सुविधा की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही थी। स्थानीय लोगों के मुताबिक, करीब 10 वर्षों से इस शौचालय की मांग उठाई जा रही थी।
दिल्ली के वरिष्ठ नेता चौधरी मतीन अहमद की रहनुमाई में सीलमपुर के विधायक चौधरी जुबैर अहमद और चौहान बांगर वार्ड की निगम पार्षद शगुफ्ता चौधरी जुबैर अहमद ने स्थानीय लोगों की मौजूदगी में फीता काटकर निर्माण कार्य की शुरुआत की। इस पर करीब 16 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है और निर्माण कार्य लगभग तीन महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
प्रस्तावित शौचालय ब्लॉक में पुरुषों, महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए अलग-अलग व्यवस्था होगी। इसके अलावा स्नानघर भी बनाया जाएगा। लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भारतीय और पश्चिमी, दोनों तरह की सीटें लगाई जाएंगी।
जनता की जरूरत को देखते हुए उठाया कदम
उद्घाटन के दौरान विधायक चौधरी जुबैर अहमद ने कहा कि सार्वजनिक शौचालय की मांग पिछले 10 वर्षों से की जा रही थी, लेकिन इस दिशा में पहले केवल आश्वासन ही मिलते रहे। उन्होंने कहा कि जब यह समस्या उनके संज्ञान में आई तो इसे प्राथमिकता देते हुए निर्माण कार्य शुरू कराने की पहल की गई।
विधायक ने कहा कि सीलमपुर विधानसभा क्षेत्र में लोगों की बुनियादी जरूरतों से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। जाफराबाद की जैकेट मार्केट में दिल्ली के अलावा दूसरे राज्यों से भी व्यापारी और खरीदार आते हैं। सार्वजनिक शौचालय बनने से बाजार में आने वाले लोगों के साथ स्थानीय निवासियों और राहगीरों को भी सुविधा मिलेगी।
बाजार और आसपास के लोगों को होगा फायदा
निगम पार्षद शगुफ्ता चौधरी जुबैर अहमद ने कहा कि जाफराबाद मेन रोड पर बाजार और रिहायशी इलाकों में लोगों की आवाजाही काफी रहती है। जैकेट मार्केट में दूर-दराज से आने वाले व्यापारियों और खरीदारों को सार्वजनिक शौचालय नहीं होने के कारण परेशानी होती थी। इसी जरूरत को देखते हुए यहां निर्माण कार्य शुरू कराया गया है।
उन्होंने कहा कि शौचालय ब्लॉक बनने से लोगों को बुनियादी सुविधा मिलेगी और इलाके में सार्वजनिक स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
स्थानीय लोगों ने किया स्वागत
शौचालय निर्माण कार्य शुरू होने पर स्थानीय लोगों ने खुशी जताई। उनका कहना था कि बाजार के सामने सार्वजनिक शौचालय की कमी लंबे समय से महसूस की जा रही थी। निर्माण पूरा होने के बाद बाजार में आने वाले लोगों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
इस मौके पर सैयद नासिर जावेद, हाजी मकसूद जमाल, अरशद अयूब, साकिब खान, हाजी परवेज खान, एई मंडल, जेई विवेक यादव, जेई प्रियांशु, अफसर खान, जरार अहमद, शादाब खान, शफीक खान, अख्तर खान, आसिम हुसैन, रिजवान इदरीसी, मुकीम अंसारी, हाजी फिरोज अंसारी, अल्ताफ इदरीसी, जावेद बर्की, इरशाद इदरीसी, अशरफ बाबा, शमीम खान, अलाउद्दीन, राकेश गौड़, महबूब इदरीसी, जीशान खान, राव नवेद और ओवैस अंसारी सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।


