दिल्ली -एनसीआर में बड़ी साजिश नाकाम, ISI प्रॉक्सी गैंग से जुड़े दो आरोपी गिरफ्ता
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम करते हुए पाकिस्तान आधारित गैंगस्टर और आईएसआई प्रॉक्सी शाहज़ाद भट्टी के नेटवर्क से जुड़े दो युवकों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई खुफिया सूचना के आधार पर की गई, जिसमें दिल्ली-एनसीआर में फायरिंग, ग्रेनेड हमले और टारगेट किलिंग की योजना का खुलासा हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजवीर (21) और विवेक बंजारा (19) के रूप में हुई है, जो मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी राजवीर को 18 अप्रैल को सराय काले खां इलाके से गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से एक पिस्टल और छह जिंदा कारतूस बरामद हुए। वहीं विवेक बंजारा को 16 अप्रैल को ग्वालियर के डबरा से पकड़ा गया।
जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपियों को सोशल मीडिया के जरिए ‘राणा भाई’ नाम के शख्स ने शाहज़ाद भट्टी से जोड़ा था। भट्टी के निर्देश पर आरोपियों को दिल्ली-एनसीआर और आसपास के इलाकों में हमले करने का टास्क दिया गया था।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि अप्रैल के पहले हफ्ते में दोनों आरोपी अमृतसर गए थे, जहां से उन्हें हथियार और पैसे मिले। इसके बाद उन्होंने पंजाब के जीरकपुर स्थित एक क्लब पर फायरिंग की कोशिश की, लेकिन पिस्टल में खराबी के कारण वारदात पूरी नहीं हो सकी। इस दौरान घटना का वीडियो बनाकर पाकिस्तान में बैठे हैंडलर को भेजा गया।
पुलिस के मुताबिक, राजवीर दिल्ली लौटकर एक बड़े होटल को निशाना बनाने की तैयारी में था, लेकिन इससे पहले ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के पास से मिले मोबाइल फोन में आपत्तिजनक वीडियो और वॉइस नोट्स भी मिले हैं, जो इस साजिश की पुष्टि करते हैं।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, इस ऑपरेशन के जरिए एक बड़े आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ हुआ है और आगे की जांच जारी है।


