आईजीआई स्टेडियम में गायत्री परिवार के शताब्दी समारोह में शामिल हुए दिल्ली सरकार के मंत्री, युवाओं को साधना और हवन से जोड़ने पर दिया जोर
नई दिल्ली, 31 अक्टूबर। दिल्ली सरकार के कला, संस्कृति एवं भाषा मंत्री कपिल मिश्रा शनिवार को आईजीआई स्टेडियम में आयोजित गायत्री परिवार के शताब्दी समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने गायत्री परिवार के साधकों और उपासकों को नमन करते हुए समाज में आध्यात्मिक चेतना, सकारात्मक ऊर्जा और सनातन संस्कृति के प्रसार में उनके योगदान की सराहना की।
कपिल मिश्रा ने कहा कि गायत्री परिवार के माध्यम से मां गायत्री की चेतना का प्रकाश देश ही नहीं, बल्कि दुनिया के 80 से अधिक देशों और करोड़ों परिवारों तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि उनका परिवार भी वर्षों से गुरुदेव और माताजी से जुड़ा रहा है। उनकी बड़ी बहन का जन्म भी शांतिकुंज में हुआ था। ऐसे में गायत्री परिवार से उनका विशेष जुड़ाव रहा है।
मंत्री ने कहा कि आज पूरी दुनिया अनेक चुनौतियों और संकटों से गुजर रही है। ऐसे समय में आध्यात्मिक चेतना, साधना और सकारात्मक विचार ही समाज को सही दिशा दे सकते हैं। गुरुदेव और माताजी ने जिस आदर्श समाज और विश्व की कल्पना की थी, उसे साकार करने के लिए मां गायत्री की चेतना को जन-जन तक पहुंचाना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति की परंपराओं, हवन, यज्ञ और आध्यात्मिक साधना को हर परिवार के जीवन से जोड़ने की जरूरत है। दिल्ली सरकार मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में गायत्री परिवार के साथ मिलकर इस अभियान को आगे बढ़ाना चाहती है। उन्होंने गायत्री परिवार से दिल्ली में चल रहे अपने कार्यक्रमों और गतिविधियों का विस्तार करने का आग्रह किया, ताकि राजधानी के अधिक से अधिक परिवार और युवा गायत्री साधना से जुड़ सकें।
कपिल मिश्रा ने कहा कि युवाओं को हवन, यज्ञ और आध्यात्मिक साधना से जोड़ना समय की जरूरत है। इससे समाज में सकारात्मक सोच और सांस्कृतिक चेतना को मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने गायत्री परिवार के सभी सदस्यों को शताब्दी समारोह की शुभकामनाएं दीं और उनके आध्यात्मिक एवं सामाजिक अभियानों की सफलता की कामना की।


