नई दिल्ली। गत चैंपियन वेस्ट दिल्ली लायंस ने दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) में अपना विजयी अभियान जारी रखते हुए तीसरे मुकाबले में न्यू दिल्ली टाइगर्स को 19 रन से शिकस्त दी। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में कार्यवाहक कप्तान आयुष दोसेजा ने 84 रनों की शानदार पारी खेलकर जीत की नींव रखी, जबकि गेंदबाजों ने दबाव के क्षणों में सटीक प्रदर्शन कर टीम को जीत दिला दी।
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी न्यू दिल्ली टाइगर्स ने वेस्ट दिल्ली लायंस को शुरुआती झटके दिए। प्रद्युमन सनन और ऋतिक शोकीन ने सलामी बल्लेबाजों को जल्दी पवेलियन भेज दिया। इसके बाद आयुष दोसेजा ने जिम्मेदारी संभालते हुए 52 गेंदों में 84 रन ठोक दिए। उनकी पारी में 10 चौके और दो छक्के शामिल रहे। अंतिम ओवरों में मयंक गुसाईं ने 35 गेंदों पर नाबाद 46 रन की उपयोगी पारी खेली, जिसमें चार छक्के शामिल थे। इन पारियों की बदौलत वेस्ट दिल्ली लायंस ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 170 रन बनाए।
171 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यू दिल्ली टाइगर्स की शुरुआत बेहद खराब रही। पावरप्ले तक टीम 28 रन पर चार विकेट गंवा चुकी थी। इसके बाद आर्यन शर्मा (31) और वैभव रावल ने 41 रन जोड़कर पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन मानन भारद्वाज ने लगातार दो गेंदों पर दो विकेट लेकर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। उन्होंने पहले आर्यन शर्मा को आउट किया और अगली ही गेंद पर ऋतिक शोकीन को गोल्डन डक पर चलता किया।
मानन सहरावत ने 26 गेंदों में 51 रन की विस्फोटक पारी खेलकर मुकाबले में रोमांच जरूर पैदा किया, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें सहयोग नहीं मिला। वेस्ट दिल्ली लायंस के गेंदबाजों ने अंतिम ओवरों में शानदार नियंत्रण बनाए रखा और न्यू दिल्ली टाइगर्स की टीम को 151 रन पर रोकते हुए 19 रन से जीत दर्ज कर ली।
वेस्ट दिल्ली लायंस की ओर से कुलवंत खेजरोलिया और मानन भारद्वाज ने तीन-तीन विकेट झटके, जबकि शुभम दुबे और मयंक गुसाईं ने दो-दो विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई। बल्लेबाजी और गेंदबाजी में संतुलित प्रदर्शन के दम पर गत चैंपियन ने एक बार फिर खिताब की दावेदारी मजबूत कर दी।


