Thursday, November 12, 2026
Google search engine
HomeDelhiमौत बनकर दौड़ा डंपर! ऑटो को मारी जोरदार टक्कर, दो की दर्दनाक...

मौत बनकर दौड़ा डंपर! ऑटो को मारी जोरदार टक्कर, दो की दर्दनाक मौत, छह घायल; हादसे में गर्भवती महिला का गर्भपात

 

सोनिया विहार के पांचवें पुश्ते पर सुबह-सुबह मचा हड़कंप, छह महीने की मासूम बच्ची भी घायल, दो परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

 

नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार इलाके में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। पांचवें पुश्ते के पास तेज रफ्तार डंपर ने एक ऑटो रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि ऑटो में सवार आठ लोग घायल हो गए। हादसे में दो लोगों की जान चली गई, जबकि छह महीने की मासूम बच्ची समेत छह लोग अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। इस दुर्घटना में छह महीने की गर्भवती महिला का गर्भपात भी हो गया।

 

पुलिस के मुताबिक, गुरुवार 12 नवंबर की सुबह करीब 5:09 बजे थाना सोनिया विहार को सड़क दुर्घटना की सूचना मिली। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची, जहां ऑटो रिक्शा और डंपर दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिले। हादसे में घायल सभी आठ लोगों को तत्काल जग प्रवेश चंद्र (जेपीसी) अस्पताल पहुंचाया गया।

 

अस्पताल में डॉक्टरों ने सतबीर (30-32 वर्ष) और एक अज्ञात व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। हादसे में सतबीर की पत्नी मोनी (25-26 वर्ष) और उनकी छह महीने की बेटी भी घायल हो गईं। इसके अलावा रामेश्वर दयाल (करीब 45 वर्ष), एक अन्य अज्ञात व्यक्ति, राजा (30-32 वर्ष) और उनकी पत्नी राखी (25-26 वर्ष) का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

 

हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि राजा की पत्नी राखी छह महीने की गर्भवती थीं। दुर्घटना में लगी चोटों के चलते उनका गर्भपात हो गया। एक ही हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।

 

उधर, हादसे के बाद पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अहम साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस डंपर चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने के लिए लगातार दबिश दे रही है। पुलिस के अनुसार, चालक के बारे में कुछ अहम सुराग मिले हैं और जल्द ही उसे पकड़ने की कोशिश की जा रही है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments