नई चंडीगढ़,पंजाब क्रिकेट में एक नए युग की शुरुआत करते हुए शेर-ए-पंजाब टी20 लीग का रविवार को पीसीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, नई चंडीगढ़ में भव्य शुभारंभ किया गया। यह टूर्नामेंट 30 अगस्त से 13 सितंबर तक खेला जाएगा, जिसमें पंजाब के कई अंतरराष्ट्रीय और उभरते सितारे एक ही मंच पर नजर आएंगे।
लीग का उद्घाटन पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (PCA) के सचिव गुरमीत सिंह मीत हेयर और अध्यक्ष अमरजीत सिंह मेहता ने भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल और तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह की मौजूदगी में किया। इस अवसर पर टूर्नामेंट का आधिकारिक लोगो भी लॉन्च किया गया, जिससे उद्घाटन संस्करण को लेकर उत्साह और बढ़ गया।
इस टी20 लीग में कुल छह टीमें हिस्सा लेंगी और 27 मुकाबले खेले जाएंगे। प्रतियोगिता राउंड-रॉबिन प्रारूप में आयोजित होगी। प्रत्येक फ्रेंचाइजी के पास एक मार्की खिलाड़ी और कम से कम दो आइकन खिलाड़ी होंगे, जिससे अंतरराष्ट्रीय सितारों, घरेलू खिलाड़ियों और पंजाब की नई प्रतिभाओं का शानदार मिश्रण देखने को मिलेगा।

टूर्नामेंट में भारत के कप्तान शुभमन गिल, अर्शदीप सिंह,अभिषेक शर्मा, गुरनूर बरार, प्रभसिमरन सिंह और रामनदीप सिंह जैसे बड़े नाम आकर्षण का केंद्र होंगे।
भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने कहा कि “शेर-ए-पंजाब टी20 लीग युवा क्रिकेटरों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने और पंजाब तथा भारत के लिए खेलने की दिशा में आगे बढ़ने का शानदार मंच है। पंजाब ने हमेशा देश को बेहतरीन क्रिकेटर दिए हैं और मुझे विश्वास है कि यह लीग भविष्य के कई नए सितारों को सामने लाएगी। मैं पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन को इस शानदार पहल के लिए बधाई देता हूं और लीग की सफलता की कामना करता हूं।”
पीसीए सचिव गुरमीत सिंह मीत हेयर ने कहा कि पंजाब हमेशा से भारतीय क्रिकेट की सबसे मजबूत नर्सरी रहा है। लाला अमरनाथ, युवराज सिंह, शुभमन गिल, अर्शदीप सिंह, प्रभसिमरन सिंह और हरमनप्रीत कौर जैसे खिलाड़ियों ने राज्य का नाम विश्व स्तर पर रोशन किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की दूरदर्शी सोच के तहत शुरू की गई यह लीग राज्य के उभरते क्रिकेटरों को पेशेवर मंच उपलब्ध कराएगी, जहां वे अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ खेलकर अपने करियर को नई दिशा दे सकेंगे।
पीसीए अध्यक्ष अमरजीत सिंह मेहता ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के सहयोग से यह सपना साकार हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह लीग पंजाब के युवा खिलाड़ियों को बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने और भारतीय क्रिकेट में आगे बढ़ने का बेहतरीन अवसर प्रदान करेगी।
समारोह के दौरान पीसीए के सचिव गुरमीत सिंह मीत हेयर, अध्यक्ष अमरजीत सिंह मेहता, उपाध्यक्ष दीपक बाली, कोषाध्यक्ष सुनील गुप्ता और संयुक्त सचिव सिद्धांत शर्मा ने फ्रेंचाइजी मालिकों और खिलाड़ियों का सम्मान भी किया।
इस अवसर पर शेर-ए-पंजाब टी20 लीग की नीलामी 9 अगस्त को आयोजित किए जाने की घोषणा भी की गई। अमृतसर, फाजिल्का, जालंधर, लुधियाना, मोहाली और बठिंडा का प्रतिनिधित्व करने वाली छह फ्रेंचाइजी इस नीलामी में अपनी टीमों का चयन करेंगी।
प्रत्येक फ्रेंचाइजी के लिए 45 लाख रुपये का सैलरी पर्स निर्धारित किया गया है। मार्की खिलाड़ी की कीमत 10 लाख रुपये तय की गई है, जबकि आइकन खिलाड़ी का बेस प्राइस 1.50 लाख रुपये होगा। पंजाब के प्रथम श्रेणी खिलाड़ियों का बेस प्राइस 1 लाख रुपये, अंडर-23 खिलाड़ियों का 75 हजार रुपये, अंडर-19 खिलाड़ियों का 50 हजार रुपये और जिला स्तर के खिलाड़ियों का 20 हजार रुपये रखा गया है। प्रत्येक टीम में अधिकतम 20 खिलाड़ी शामिल किए जा सकेंगे।
शेर-ए-पंजाब टी20 लीग का उद्देश्य पंजाब के युवा क्रिकेटरों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ खेलने का अवसर देकर राज्य की क्रिकेट प्रतिभा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है। आयोजकों का मानना है कि यह लीग आने वाले वर्षों में देश की प्रमुख घरेलू टी20 प्रतियोगिताओं में अपनी पहचान बनाएगी।


