सुरेश रैना और देबाशीष मोहंती बने ब्रांड एंबेसडर, राज्य के उभरते क्रिकेटरों को मिलेगा बड़ा मंच
भुवनेश्वर,ओडिशा क्रिकेट एसोसिएशन (OCA) ने ओडिशा टी20 लीग 2026–सीएम ट्रॉफी के दूसरे सीजन के लिए खिलाड़ियों का ड्राफ्ट पूरा कर लिया है। ड्राफ्ट प्रक्रिया के बाद टूर्नामेंट में भाग लेने वाली सभी छह फ्रेंचाइजी ने अपने 16-16 खिलाड़ियों वाले स्क्वाड को अंतिम रूप दे दिया है।
इस सीजन में भुवनेश्वर टाइगर्स, पुरी टाइटंस, क्योंझर माइनर्स, राउरकेला सुपरस्टार्स, संबलपुर वॉरियर्स और कटक पैंथर्स खिताब के लिए मैदान में उतरेंगी। लीग का उद्देश्य ओडिशा के युवा और उभरते क्रिकेटरों को प्रतिस्पर्धी क्रिकेट का मंच देना और उन्हें आगे के स्तर के लिए तैयार करना है।
पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना और देबाशीष मोहंती को लीग का ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया गया है। दोनों दिग्गजों के जुड़ने से टूर्नामेंट की प्रतिष्ठा और आकर्षण बढ़ने की उम्मीद है।
OCA के मानद सचिव संजय बेहरा ने कहा कि खिलाड़ियों का ड्राफ्ट पूरा होना नए सीजन की तैयारियों में महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने फ्रेंचाइजी मालिकों, कोचों, टीम मैनेजरों और OCA से जुड़े सभी लोगों के सहयोग के लिए आभार जताते हुए कहा कि लीग का मुख्य उद्देश्य स्थानीय खिलाड़ियों को मजबूत मंच और आगे बढ़ने का रास्ता उपलब्ध कराना है।
भुवनेश्वर टाइगर्स: स्वस्तिक सामल
पुरी टाइटंस: आदित्य राउत
क्योंझर माइनर्स: सुभ्रांशु सेनापति
राउरकेला सुपरस्टार्स: गोविंदा पोद्दार
संबलपुर वॉरियर्स: गौरव चौधरी
कटक पैंथर्स: बिप्लब सामंतराय
कटक पैंथर्स इस सीजन में गत चैंपियन के रूप में मैदान में उतरेगी।
ओडिशा टी20 लीग 2026 का आगाज 20 सितंबर को संबलपुर वॉरियर्स और कटक पैंथर्स के मुकाबले से होगा। लीग चरण के मुकाबले 27 सितंबर तक चलेंगे। 28 सितंबर को महिला प्रदर्शनी मुकाबले के साथ दूसरे और तीसरे स्थान की टीमों के बीच क्वालिफायर खेला जाएगा, जबकि फाइनल 29 सितंबर को निर्धारित है।
टूर्नामेंट के मुकाबले कटक के ऐतिहासिक बाराबती स्टेडियम में आयोजित किए जाने की जानकारी सामने आई है।
ड्राफ्ट में हर फ्रेंचाइजी ने 16 खिलाड़ियों को चुना है। भुवनेश्वर टाइगर्स की कप्तानी स्वस्तिक सामल करेंगे, जबकि पुरी टाइटंस की कमान आदित्य राउत के हाथों में होगी। क्योंझर माइनर्स की अगुवाई सुभ्रांशु सेनापति, राउरकेला सुपरस्टार्स की गोविंदा पोद्दार, संबलपुर वॉरियर्स की गौरव चौधरी और कटक पैंथर्स की बिप्लब सामंतराय करेंगे।
स्क्वाड फाइनल होने के साथ ही अब सभी टीमों का फोकस टूर्नामेंट की तैयारियों पर है। युवा प्रतिभाओं और अनुभवी घरेलू खिलाड़ियों के मिश्रण के साथ इस सीजन में मुकाबला कड़ा होने की उम्मीद है।
ओडिशा क्रिकेट एसोसिएशन का मानना है कि लीग राज्य के क्रिकेटरों के लिए अपनी प्रतिभा साबित करने और उच्च स्तर के क्रिकेट की ओर कदम बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी। फ्रेंचाइजी और निवेशकों की बढ़ती दिलचस्पी को भी OCA ने लीग के व्यावसायिक विकास के लिए सकारात्मक संकेत बताया है।


