Wednesday, August 5, 2026
spot_img
HomeDelhiसार्थक रंजन के 95 रनों और यश भाटिया के अर्धशतक से नॉर्थ...

सार्थक रंजन के 95 रनों और यश भाटिया के अर्धशतक से नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स की शानदार जीत

नई दिल्ली,दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2026 में नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने एक और दमदार प्रदर्शन करते हुए ईस्ट दिल्ली राइडर्स को छह विकेट से हराकर टूर्नामेंट में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में कप्तान सार्थक रंजन की 95 रनों की विस्फोटक पारी और यश भाटिया के नाबाद अर्धशतक ने टीम को चार ओवर शेष रहते आसान जीत दिला दी।

इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी ईस्ट दिल्ली राइडर्स की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही, लेकिन बाएं हाथ के बल्लेबाज सुजल सिंह ने एक छोर संभालते हुए शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 50 गेंदों में नाबाद 82 रन बनाए, जिसमें छह चौके और चार छक्के शामिल रहे। सुजल ने शुरुआत में संयम दिखाया और बाद के ओवरों में तेज बल्लेबाजी करते हुए टीम को 20 ओवर में 6 विकेट पर 171 रन के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।

#M11
East Delhi Riders vs North Delhi Strikers of Delhi Premier League T20 Season 3 at Arun Jaitley Stadium, New Delhi on 5th August 2026
©️Adimazes/ DPLT20
No Archive Allowed

नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स की ओर से गेंदबाजी में विकास दीक्षित सबसे सफल रहे। उन्होंने बेहद किफायती गेंदबाजी करते हुए अपने चार ओवर में केवल 19 रन देकर एक विकेट हासिल किया। अन्य गेंदबाजों ने भी अनुशासित प्रदर्शन करते हुए ईस्ट दिल्ली के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया।

172 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने शुरुआती ओवरों में ही 39 रन पर दो महत्वपूर्ण विकेट गंवा दिए। इसके बाद कप्तान सार्थक रंजन और यश भाटिया ने तीसरे विकेट के लिए 113 रनों की शानदार साझेदारी कर मैच का पूरा रुख बदल दिया।

सार्थक रंजन ने कप्तानी पारी खेलते हुए मात्र 50 गेंदों में 95 रन ठोक दिए। उनकी विस्फोटक पारी में सात चौके और आठ गगनचुंबी छक्के शामिल रहे। उन्होंने 14वें ओवर में गेंदबाज सिमरजीत सिंह की जमकर धुनाई करते हुए एक ही ओवर में 29 रन बटोर लिए, जिससे मुकाबला पूरी तरह नॉर्थ दिल्ली के पक्ष में झुक गया। हालांकि वह शतक से महज पांच रन दूर रह गए और आशीष मीणा की गेंद पर वैभव बैसला के हाथों कैच आउट हो गए।

सार्थक के आउट होने के बाद भारत सिंधवानी भी जल्दी पवेलियन लौट गए, लेकिन यश भाटिया ने संयम बनाए रखा। उन्होंने नाबाद अर्धशतक जड़ते हुए टीम को बिना किसी और झटके के जीत तक पहुंचाया। उनकी सूझबूझ भरी बल्लेबाजी की बदौलत नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने 16 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और छह विकेट से शानदार जीत दर्ज की।

इस जीत के साथ नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने डीपीएल 2026 में अपना शानदार अभियान जारी रखते हुए एक बार फिर साबित कर दिया कि उनकी बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभाग बेहतरीन लय में हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_imgspot_img

Most Popular

Recent Comments