Thursday, August 20, 2026
Google search engine
HomeDelhiनंद नगरी में घर का ताला तोड़कर चोरी करने वाला आरोपी मेरठ...

नंद नगरी में घर का ताला तोड़कर चोरी करने वाला आरोपी मेरठ से गिरफ्तार, 19.39 ग्राम पिघला सोना बरामद

नई दिल्ली। नंद नगरी थाना पुलिस ने सुंदर नगरी में घर का ताला तोड़कर नकदी और सोने के आभूषण चोरी करने के मामले को सुलझाते हुए एक आरोपी को मेरठ से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की नकदी में से 90 हजार रुपये बरामद किए हैं। वहीं, चोरी के आभूषणों को पिघलाकर तैयार किए गए 19.39 ग्राम सोने को भी बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 14 अगस्त को सुंदर नगरी की गली नंबर-4 निवासी सरफराज के घर में ताला तोड़कर चोरी की वारदात हुई थी। चोर घर से करीब 6.35 लाख रुपये नकद और बड़ी मात्रा में सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए थे। इस संबंध में नंद नगरी थाने में ई-एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर पुलिस ने सुंदर नगरी निवासी शान (26) की पहचान की। इंस्पेक्टर आनंद यादव, एसएचओ नंद नगरी के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को मेरठ से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने चोरी का सामान अपने बुआ के बेटे फैज को सौंप दिया था। इसके बाद पुलिस ने फैज को भी पकड़ लिया। पूछताछ में सामने आया कि चोरी किए गए सोने के आभूषण स्थानीय सुनार शाहिद को बेच दिए गए थे। पुलिस ने सुनार की दुकान पर छापा मारकर जांच की तो पता चला कि चोरी का सोना पहले ही पिघलाया जा चुका था। पुलिस ने वहां से 19.39 ग्राम पिघला हुआ सोना बरामद किया।

मामले में फैज और सुनार शाहिद को पाबंद किया गया है। इसके अलावा आरोपी शान के कब्जे से चोरी की रकम में से 90 हजार रुपये भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस चोरी की बाकी संपत्ति बरामद करने के साथ-साथ वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का भी पता लगा रही है।

बरामदगी: 90 हजार रुपये नकद और 19.39 ग्राम पिघला हुआ सोना।

गिरफ्तार आरोपी: शान (26), निवासी ओ-ब्लॉक, गली नंबर-5, सुंदर नगरी, दिल्ली। पुलिस के अनुसार आरोपी का कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_imgspot_img

Most Popular

Recent Comments