नई दिल्ली, गत चैंपियन साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज़ ने महिला दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) में अपने खिताब बचाव अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए सेंट्रल दिल्ली क्वींस को 29 रन से हरा दिया। अरुण जेटली स्टेडियम में गुरुवार को खेले गए मुकाबले में निशिका सिंह और तनीषा सिंह के शानदार अर्धशतकों ने टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज़ ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 156 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया। टीम की शुरुआत हालांकि अच्छी नहीं रही और शुरुआती विकेट गिरने से वह दबाव में आ गई। इसके बाद निशिका सिंह और तनीषा सिंह ने शानदार संयम दिखाते हुए पारी को संभाला।
दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 82 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। निशिका और तनीषा ने जरूरत के मुताबिक तेज और संभलकर बल्लेबाजी की तथा खराब गेंदों को बाउंड्री के पार पहुंचाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। दोनों के अर्धशतकों ने साउथ दिल्ली को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने की नींव रखी।
निशिका के आउट होने के बाद साउथ दिल्ली को कुछ झटके लगे, लेकिन टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 156 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बना लिया।

सेंट्रल दिल्ली क्वींस की ओर से सुमिति सोनी सबसे सफल गेंदबाज रहीं। उन्होंने चार ओवर में सिर्फ 13 रन देकर दो विकेट हासिल किए। मेधावी बिधूड़ी ने भी 24 रन देकर दो विकेट चटकाए।
157 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेंट्रल दिल्ली क्वींस की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम 31 रन के स्कोर पर तीन विकेट गंवा चुकी थी। इसके बाद मोनिका और निधि माहतो ने चौथे विकेट के लिए 65 रनों की साझेदारी कर टीम की उम्मीदों को जिंदा रखा।
मोनिका ने तेजतर्रार बल्लेबाजी करते हुए 19 गेंदों में 30 रन बनाए, लेकिन उनके आउट होने के बाद टीम एक बार फिर दबाव में आ गई। दूसरी ओर निधि माहतो ने संघर्ष जारी रखा और शानदार अर्धशतक पूरा किया।
माहतो ने 55 गेंदों पर 63 रनों की शानदार पारी खेली, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें अपेक्षित सहयोग नहीं मिल सका। बढ़ती रन गति के दबाव में उनके आउट होते ही सेंट्रल दिल्ली की जीत की उम्मीदें लगभग खत्म हो गईं।
निर्धारित 20 ओवर में सेंट्रल दिल्ली क्वींस की टीम 7 विकेट पर 127 रन ही बना सकी और उसे 29 रनों से हार का सामना करना पड़ा।
साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज़ की ओर से मयूरी सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 15 रन देकर दो विकेट झटके। इस जीत के साथ गत चैंपियन साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज़ ने महिला डीपीएल में अपने खिताब बचाव अभियान की दमदार शुरुआत की।


