मीडिया प्रेस क्लब द्वारा उत्तराखंड के मनमोहक पर्यटन स्थल धनौल्टी में प्रस्तावित “सुकून मीडिया प्रेस क्लब अतिथि गृह” का रविवार, 25 अक्टूबर 2026 को भव्य उद्घाटन किया जाएगा। उद्घाटन से पूर्व अतिथि गृह की व्यवस्थाओं, सुविधाओं और वातावरण का अवलोकन कराने के उद्देश्य से मीडिया प्रेस क्लब के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक लालवानी ने क्लब के कोर सदस्यों एवं पत्रकारों के लिए एक विशेष निरीक्षण टूर का आयोजन किया।

इस टूर का उद्देश्य केवल अतिथि गृह का निरीक्षण कराना नहीं था, बल्कि यह जानना भी था कि क्या मीडिया प्रेस क्लब एवं शब्दवाणी समाचार पाठक संघ के सदस्य अपने परिवार के साथ यहां कुछ दिन सुकून और आनंद के साथ बिता सकेंगे। इस यात्रा में शामिल पत्रकारों ने एक स्वर में कहा कि धनौल्टी का शांत वातावरण, प्राकृतिक सुंदरता और यहां की व्यवस्थाएं मन को सुकून देने वाली हैं।
मीडिया प्रेस क्लब का उद्देश्य है कि उसके प्रत्येक सदस्य को, चाहे वह आर्थिक रूप से कितना भी सक्षम या सीमित संसाधनों वाला क्यों न हो, वर्ष में कम से कम एक बार अपने परिवार के साथ बिना किसी आर्थिक चिंता के किसी सुंदर पर्यटन स्थल पर कुछ दिन शांति और आनंद के साथ बिताने का अवसर मिले। क्लब का मानना है कि उसके सभी सदस्य एक परिवार का हिस्सा हैं और परिवार में आर्थिक स्थिति के आधार पर कोई भेदभाव नहीं होता।

इसी सोच के साथ “सुकून मीडिया प्रेस क्लब अतिथि गृह” की परिकल्पना की गई है, जहां सदस्यों को अपने घर जैसा अपनापन और आरामदायक वातावरण मिलेगा। उद्देश्य यह है कि शहर की भागदौड़, तनाव, महंगाई और बढ़ते खर्चों के बीच जो परिवार छुट्टियां मनाने की इच्छा होने के बावजूद कहीं नहीं जा पाते, उन्हें भी प्रकृति की गोद में कुछ सुकून भरे पल बिताने का अवसर मिल सके।
क्लब का कहना है कि यह अतिथि गृह केवल आर्थिक रूप से कमजोर सदस्यों के लिए ही नहीं, बल्कि संपन्न परिवारों के लिए भी समान रूप से आकर्षक होगा। यहां समय के साथ सदस्यों की आवश्यकताओं के अनुसार सुविधाओं का विस्तार भी किया जाएगा, ताकि प्रत्येक सदस्य अपने परिवार और मित्रों के साथ निसंकोच यहां आ सके।

इस निरीक्षण यात्रा में शामिल पत्रकार शहजाद अहमद ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि धनौल्टी की प्राकृतिक सुंदरता, ठंडी हवाएं, शांत वातावरण और हरियाली ने मन को गहरा सुकून दिया। उन्होंने बताया कि तीन दिनों का यह प्रवास यादगार रहा और ऐसा लगा मानो व्यस्त जीवन से दूर किसी नई दुनिया में पहुंच गए हों।
उन्होंने कहा कि सुकून मीडिया प्रेस क्लब द्वारा किया गया पूरा आयोजन बेहद शानदार था। रिसॉर्ट के कमरे साफ-सुथरे और आरामदायक थे, स्टाफ का व्यवहार अत्यंत विनम्र एवं सहयोगपूर्ण था तथा भोजन की गुणवत्ता भी उत्कृष्ट रही। हर छोटी-बड़ी सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया था, जिससे पूरे प्रवास के दौरान घर जैसा अपनापन महसूस हुआ।
शहजाद अहमद ने कहा कि धनौल्टी का शांत वातावरण, मनमोहक मौसम और प्राकृतिक सौंदर्य मानसिक तनाव को दूर कर नई ऊर्जा से भर देता है। उन्होंने इसे पत्रकारों और उनके परिवारों के लिए एक आदर्श पर्यटन स्थल बताते हुए कहा कि मीडिया प्रेस क्लब की यह पहल वास्तव में सराहनीय है और भविष्य में हजारों पत्रकार परिवारों के लिए यादगार साबित होगी।

मीडिया प्रेस क्लब की इस पहल का मूल संदेश यही है कि संगठन केवल पेशेवर मंच नहीं, बल्कि एक परिवार है, जहां प्रत्येक सदस्य की खुशियों, सुविधाओं और मानसिक सुकून का समान रूप से ध्यान रखा जाता है। धनौल्टी में प्रस्तावित “सुकून मीडिया प्रेस क्लब अतिथि गृह” इसी सोच का साकार रूप है, जो आने वाले समय में पत्रकारों और उनके परिवारों के लिए एक विशेष पहचान बनने की ओर अग्रसर है।


