नई दिल्ली,दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 का आगाज अरुण जेटली स्टेडियम में रंगारंग अंदाज में हुआ। उद्घाटन समारोह में मशहूर गायक सुखबीर सिंह और गायिका सुनंदा शर्मा की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। इसके बाद मैदान पर खेले गए पहले मुकाबले में सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने पुरानी दिल्ली-6 को चार विकेट से हराकर टूर्नामेंट में विजयी शुरुआत की। टूर्नामेंट का तीसरा संस्करण 31 जुलाई से शुरू हुआ है और इसका फाइनल 30 अगस्त को खेला जाएगा।

©PerfectPitch/ Adimazes
टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी पुरानी दिल्ली-6 की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने शुरुआती पांच ओवरों में केवल 30 रन पर तीन विकेट गंवा दिए। मुश्किल परिस्थितियों में कप्तान अनुज रावत ने जिम्मेदारी संभाली और देव लाकड़ा के साथ चौथे विकेट के लिए 132 रनों की शानदार साझेदारी कर टीम को संकट से बाहर निकाला।
देव लाकड़ा ने संयमित बल्लेबाजी करते हुए 37 गेंदों में 53 रन बनाए, जबकि अनुज रावत ने कप्तानी पारी खेलते हुए मात्र 59 गेंदों में नाबाद 105 रन ठोक दिए। उनकी पारी में 11 चौके और पांच छक्के शामिल रहे। रावत 99 रन पर जीवनदान मिलने के बाद अगली ही गेंद पर अपना शानदार शतक पूरा करने में सफल रहे। दोनों बल्लेबाजों की बेहतरीन साझेदारी की बदौलत पुरानी दिल्ली-6 ने निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट पर 202 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
203 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने आक्रामक शुरुआत की। कप्तान यश ढुल और सिद्धार्थ जून ने पहले विकेट के लिए केवल 4.5 ओवर में 65 रन जोड़कर विपक्षी टीम पर दबाव बना दिया। सिद्धार्थ जून 14 गेंदों में 23 रन बनाकर राजनीश दादर का शिकार बने, जबकि उनका कैच पंकज जसवाल ने लपका।
इसके बाद यश ढुल ने युगल सैनी के साथ पारी को आगे बढ़ाया। सैनी 16 गेंदों में 22 रन बनाकर रन आउट हुए। जोंटी सिद्धू बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए, लेकिन कप्तान ढुल ने शानदार बल्लेबाजी जारी रखते हुए अर्धशतक पूरा किया और टीम को जीत की ओर बढ़ाया।
यश ढुल 45 गेंदों में 72 रन बनाकर आउट हुए। पंकज जसवाल की शॉर्ट गेंद पर उन्होंने अपर कट खेलने की कोशिश की, लेकिन शॉर्ट थर्ड मैन पर खड़े राजनीश दादर ने उनका कैच लपक लिया। इसके बाद वंश बेदी ने 13 गेंदों में 28 रन की तेजतर्रार पारी खेलकर मैच का रोमांच बढ़ा दिया।
आखिरी ओवरों में मुकाबला पूरी तरह रोमांचक हो गया। केशव दाबास ने दबाव के बीच बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 19वें ओवर की अंतिम दो गेंदों पर लगातार दो चौके जड़ दिए, जिससे अंतिम ओवर में जीत के लिए केवल तीन रन की जरूरत रह गई। इसके बाद जसवीर सेहरावत ने शांतचित्त होकर विजयी रन बनाते हुए सेंट्रल दिल्ली किंग्स को चार विकेट से शानदार जीत दिला दी।
हालांकि इस मुकाबले में अनुज रावत का नाबाद शतक लंबे समय तक याद रखा जाएगा, लेकिन सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने सामूहिक बल्लेबाजी और आखिरी क्षणों में संयम का परिचय देते हुए डीपीएल 2026 के पहले मुकाबले को अपने नाम कर लिया।


