नई दिल्ली, दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2026 में आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेंट्रल दिल्ली किंग्स को 25 रन से शिकस्त दी। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 216/9 का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसके बाद गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट चटकाते हुए सेंट्रल दिल्ली किंग्स की पारी को 191 रन पर समेट दिया।
आउटर दिल्ली की जीत के नायक बल्लेबाजी में यजस शर्मा और गेंदबाजी में **शिवम शर्मा व नवदीप सैनी रहे। यजस ने महज 25 गेंदों पर 46 रन की आक्रामक पारी खेली, जिसमें चार चौके और तीन छक्के शामिल रहे। उनकी तेजतर्रार शुरुआत ने टीम को पावरप्ले में मजबूत आधार दिया।
हालांकि बीच के ओवरों में सेंट्रल दिल्ली किंग्स के गेंदबाजों ने वापसी की कोशिश की।जोंटी सिद्धू ने 2/14 और मनी ग्रेवाल ने 2/47 विकेट लेकर आउटर दिल्ली की रन गति पर कुछ हद तक अंकुश लगाया। इसके बावजूद निचले क्रम के बल्लेबाजों ने शानदार फिनिश दिया।

Central Delhi Kings vs Outer Delhi Warriors of Delhi Premier League T20 Season 3 at Arun Jaitley Stadium, New Delhi on 8th August 2026
©️Adimazes/ DPLT20
No Archive Allowed
शिवम शर्मा ने सिर्फ 10 गेंदों पर 24 रन, जबकि हर्ष त्यागी ने भी 10 गेंदों में 24 रन बनाए। कप्तान सिद्धांत शर्मा ने महज पांच गेंदों पर नाबाद 19 रन ठोककर टीम को 200 के पार पहुंचाया और आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने 20 ओवर में 216/9 का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
217 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने बेहद आक्रामक शुरुआत की। कप्तान यश धुल ने महज 23 गेंदों में 47 रन की विस्फोटक पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में छह चौके और तीन छक्के लगाए और शुरुआती ओवरों में आउटर दिल्ली के गेंदबाजों पर दबाव बनाया।
हालांकि प्रथम सलूजा ने यश धुल को आउट कर सेंट्रल दिल्ली की पारी को बड़ा झटका दिया। इसके बाद टीम लगातार विकेट गंवाती चली गई। शिवम शर्मा ने धारदार गेंदबाजी करते हुए 3/37 और हर्ष त्यागी ने 2/26 विकेट लेकर सेंट्रल दिल्ली की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।
एक समय सेंट्रल दिल्ली किंग्स का स्कोर 14वें ओवर तक 141/8 हो चुका था और मुकाबला लगभग एकतरफा नजर आ रहा था।
लेकिन इसके बाद जसवीर सहरावत ने मुकाबले में रोमांच भर दिया। उन्होंने महज 33 गेंदों पर 62 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें छह चौके और चार छक्के शामिल थे।
सहरावत ने दिविज मेहरा के साथ मिलकर नौवें विकेट के लिए सिर्फ 20 गेंदों में 50 रन की साझेदारी कर दी। इस साझेदारी ने मुकाबले का पूरा रुख बदल दिया और सेंट्रल दिल्ली किंग्स को जीत की उम्मीद दिखाई देने लगी।
आउटर दिल्ली वॉरियर्स के लिए ऐसे समय में अनुभवी तेज गेंदबाज नवदीप सैनी ने जिम्मेदारी संभाली। सैनी ने 18वें ओवर में सहरावत को आउट कर इस खतरनाक साझेदारी का अंत किया और इसके दो गेंद बाद एक और विकेट लेकर मुकाबला पूरी तरह अपने पक्ष में कर लिया।
सेंट्रल दिल्ली किंग्स की पूरी टीम 17.2 ओवर में 191 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने 25 रन से रोमांचक जीत दर्ज की।
यह जीत आउटर दिल्ली वॉरियर्स के लिए खास रही, क्योंकि एक समय मुकाबला पूरी तरह उनके नियंत्रण में था, लेकिन जसवीर सहरावत की तूफानी पारी ने उन्हें मुश्किल में डाल दिया था। आखिरकार गेंदबाजों ने दबाव में संयम बनाए रखा और टीम को शानदार जीत दिलाई।


