नई दिल्ली। ईद-उल-जुहा के अवसर पर शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार संपन्न कराने के उद्देश्य से उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस द्वारा सीलमपुर स्थित डीसीपी कार्यालय परिसर में एक समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में मस्जिदों एवं ईदगाहों के इमाम, नागरिक भाईचारा समिति, अमन समिति के सदस्य, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा अन्य संबंधित पक्ष शामिल हुए।
बैठक की अध्यक्षता संयुक्त पुलिस आयुक्त (पूर्वी रेंज) अजीत कुमार सिंगला ने की। इस दौरान उत्तर-पूर्वी जिले के डीसीपी राहुल अलवाल और अतिरिक्त डीसीपी भी उपस्थित रहे।
बैठक में नागरिकों को त्योहार के संबंध में सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई। लोगों से अपील की गई कि कुर्बानी केवल निर्धारित एवं अनुमति प्राप्त स्थानों पर ही की जाए तथा इसे सार्वजनिक स्थानों या खुले में न किया जाए। साथ ही स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी मानकों का पालन करते हुए अपशिष्ट का समय पर उचित निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से कुर्बानी से जुड़े वीडियो या तस्वीरें बनाने एवं उन्हें सोशल मीडिया पर साझा करने से बचने की अपील की। इसके अलावा किसी भी भड़काऊ, आपत्तिजनक या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री सोशल मीडिया पर पोस्ट या प्रसारित न करने की सलाह दी गई।
बैठक में मौजूद सभी पक्षों से अफवाहों और उकसावे वाली गतिविधियों की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को देने तथा किसी भी अपुष्ट जानकारी पर प्रतिक्रिया न करने का आग्रह किया गया।
अधिकारियों ने सभी नागरिकों से त्योहार के दौरान शांति, भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। बैठक में शामिल सभी प्रतिनिधियों ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और ईद-उल-जुहा के शांतिपूर्ण आयोजन में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।


