नई दिल्ली,दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (DDCA) ने शुक्रवार को मॉडर्न स्कूल, बाराखंबा रोड में DDCA महिला टी-20 लीग 2026 के दूसरे संस्करण का भव्य उद्घाटन किया। राजधानी की सबसे बड़ी महिला क्लब क्रिकेट प्रतियोगिता मानी जाने वाली इस लीग में इस वर्ष रिकॉर्ड भागीदारी देखने को मिल रही है।
पिछले वर्ष पहली बार आयोजित हुई इस प्रतियोगिता में 42 टीमों ने हिस्सा लिया था, जबकि इस बार टीमों की संख्या बढ़कर 60 हो गई है। इसके साथ ही 700 से अधिक महिला क्रिकेटर दिल्ली के विभिन्न मैदानों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। यह बढ़ती भागीदारी राजधानी में महिला क्रिकेट की लोकप्रियता और विकास को दर्शाती है।
उद्घाटन समारोह में DDCA अध्यक्ष रोहन जेटली, उपाध्यक्ष शिखा कुमार, सचिव अशोक कुमार, एपेक्स काउंसिल के सदस्य, लीग समिति के अधिकारी, विभिन्न क्लबों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।

DDCA अध्यक्ष रोहन जेटली ने कहा कि महिला क्रिकेट को मजबूत मंच प्रदान करने के उद्देश्य से शुरू की गई इस लीग को खिलाड़ियों और क्लबों का शानदार समर्थन मिला है। उन्होंने कहा, “सिर्फ दूसरे संस्करण में ही टीमों की संख्या 42 से बढ़कर 60 होना बेहद उत्साहजनक है। हमारा लक्ष्य महिला क्रिकेटरों के लिए पूरे वर्ष प्रतियोगी अवसर उपलब्ध कराना, क्लब क्रिकेट से उच्च स्तर तक का मार्ग मजबूत करना और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को उचित मंच देना है।”
DDCA उपाध्यक्ष शिखा कुमार ने कहा कि इस बार 700 से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी यह साबित करती है कि दिल्ली में महिला क्रिकेट तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह टूर्नामेंट युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और भविष्य में बड़े अवसर हासिल करने का मंच प्रदान करेगा।
वहीं DDCA सचिव अशोक शर्मा ने दिल्ली के क्रिकेट क्लबों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि क्लब हमेशा से दिल्ली क्रिकेट की रीढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिला क्रिकेट में अधिक अवसर और व्यापक प्रतिभा खोजने के उद्देश्य से शुरू की गई यह प्रतियोगिता लगातार मजबूत होती जा रही है, जो बेहद सकारात्मक संकेत है।
टूर्नामेंट में दिल्ली की कई उभरती हुई महिला क्रिकेटर हिस्सा लेंगी, जिनमें विभिन्न आयु वर्गों और वरिष्ठ स्तर पर दिल्ली का प्रतिनिधित्व कर चुकी खिलाड़ी भी शामिल हैं। लीग राज्य की महिला क्रिकेट संरचना का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी है और युवा प्रतिभाओं के लिए आगे बढ़ने का अवसर प्रदान कर रही है।
इस वर्ष लीग मुकाबले राजधानी के पांच प्रमुख मैदानों पर खेले जाएंगे, जिनमें मॉडर्न स्कूल (बाराखंबा रोड) के दो मैदान, शिवाजी कॉलेज राजौरी गार्डन, गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज पीतमपुरा तथा मॉडर्न स्कूल ग्राउंड मोहन गार्डन, उत्तम नगर शामिल हैं।
प्रतियोगिता में कुल 60 टीमों को 10 समूहों में विभाजित किया गया है। लीग चरण के मुकाबलों के बाद नॉकआउट दौर आयोजित होगा और सीजन के अंत में फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।
महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने की दिशा में DDCA की यह पहल राजधानी की युवा खिलाड़ियों के लिए एक बड़ा अवसर साबित हो रही है। बढ़ती टीमों की संख्या और खिलाड़ियों की भागीदारी यह संकेत देती है कि आने वाले वर्षों में दिल्ली महिला क्रिकेट का एक मजबूत केंद्र बनकर उभर सकती है।


