Sunday, August 2, 2026
spot_img
HomeDelhiडीपीएल: आयुष दोसेजा के 84 रनों की बदौलत वेस्ट दिल्ली लायंस ने...

डीपीएल: आयुष दोसेजा के 84 रनों की बदौलत वेस्ट दिल्ली लायंस ने न्यू दिल्ली टाइगर्स को 19 रन से हराया

नई दिल्ली,कार्यवाहक कप्तान आयुष दोसेजा की शानदार 84 रनों की कप्तानी पारी और गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन के दम पर गत चैंपियन वेस्ट दिल्ली लायंस ने शनिवार को अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 के तीसरे मुकाबले में न्यू दिल्ली टाइगर्स को 19 रन से हराकर टूर्नामेंट में विजयी शुरुआत की।

टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी न्यू दिल्ली टाइगर्स ने शुरुआत में ही वेस्ट दिल्ली लायंस को दो बड़े झटके देकर दबाव बना दिया। प्रद्युमन सनन और ऋतिक शोकीन ने दोनों सलामी बल्लेबाजों को जल्दी पवेलियन भेज दिया, जिससे गत चैंपियन टीम मुश्किल में नजर आने लगी।

हालांकि इसके बाद कार्यवाहक कप्तान आयुष दोसेजा ने जिम्मेदारी संभालते हुए शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। उन्होंने 52 गेंदों में 84 रनों की बेहतरीन पारी खेली, जिसमें 10 चौके और दो छक्के शामिल रहे। दोसेजा ने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन दिखाते हुए टीम की पारी को मजबूती दी। अंतिम ओवरों में मयंक गुसाईं ने भी शानदार फिनिशिंग करते हुए 35 गेंदों पर नाबाद 46 रन बनाए। उनकी पारी में चार लंबे छक्के शामिल रहे। दोनों बल्लेबाजों की उपयोगी पारियों की बदौलत वेस्ट दिल्ली लायंस ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 170 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।

171 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यू दिल्ली टाइगर्स की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। वेस्ट दिल्ली लायंस के गेंदबाजों ने सटीक लाइन और लेंथ से गेंदबाजी करते हुए पावरप्ले समाप्त होने तक महज 28 रन पर चार विकेट झटक लिए और विपक्षी टीम को बैकफुट पर धकेल दिया।

इसके बाद आर्यन शर्मा और वैभव रावल ने पांचवें विकेट के लिए 41 रन जोड़कर पारी को संभालने की कोशिश की। लेकिन जैसे ही न्यू दिल्ली टाइगर्स की वापसी की उम्मीदें नजर आने लगीं, मानन भारद्वाज ने लगातार दो गेंदों पर दो विकेट लेकर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। उन्होंने पहले 31 रन बनाकर अच्छी बल्लेबाजी कर रहे आर्यन शर्मा को आउट किया और अगली ही गेंद पर ऋतिक शोकीन को गोल्डन डक पर चलता कर दिया।

मध्यक्रम में मानन सहरावत ने संघर्षपूर्ण और विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 26 गेंदों में 51 रन बनाए तथा टीम को मुकाबले में बनाए रखने की पूरी कोशिश की, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें पर्याप्त सहयोग नहीं मिला। अंतिम ओवरों में वेस्ट दिल्ली लायंस के गेंदबाजों ने शानदार संयम और सटीक गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए न्यू दिल्ली टाइगर्स को लक्ष्य तक पहुंचने से रोक दिया और 19 रन की महत्वपूर्ण जीत दर्ज की।

वेस्ट दिल्ली लायंस की जीत में गेंदबाजों का भी अहम योगदान रहा। कुलवंत खेजरोलिया और मानन भारद्वाज ने तीन-तीन विकेट लेकर न्यू दिल्ली टाइगर्स की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी, जबकि शुभम दुबे और मयंक गुसाईं ने दो-दो विकेट चटकाकर टीम की जीत पर मुहर लगा दी। बल्लेबाजी में आयुष दोसेजा और मयंक गुसाईं की शानदार पारियों के साथ गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन ने वेस्ट दिल्ली लायंस को टूर्नामेंट की यादगार जीत दिलाई।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_imgspot_img

Most Popular

Recent Comments