खटीमा, 14 जून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को अपने तीन दिवसीय खटीमा प्रवास के दौरान शहीद हरी किशन शिक्षण संस्थान, बगुलिया में आयोजित “जन-जन की सरकार, मुख्य सेवक आपके द्वार” कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का फूल-मालाओं, थारू सांस्कृतिक नृत्य और अंगवस्त्र भेंट कर भव्य स्वागत किया गया। जिलाधिकारी द्वारा स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के हाथों निर्मित पंचमुखी हनुमान की तस्वीर मुख्यमंत्री को भेंट की गई।

मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकास और जनकल्याण से जुड़े स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामोत्थान परियोजना के अंतर्गत सद्भावना सीएलएफ द्वारा संचालित दीदी कैफे का फीता काटकर उद्घाटन भी किया।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में देश विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए युग में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, मुफ्त राशन, उज्ज्वला योजना और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने तकनीक और पारदर्शिता के माध्यम से भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाते हुए योजनाओं का लाभ सीधे आम जनता तक पहुंचाया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, पर्यटन और हवाई संपर्क जैसे क्षेत्रों में तेजी से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू कर ऐतिहासिक कदम उठाया गया है तथा नकल विरोधी कानून लागू कर युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने का कार्य किया गया है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और भर्ती प्रक्रियाओं में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है और “जन-जन की सरकार, आपके द्वार” कार्यक्रम इसी सोच को मजबूत करने का माध्यम है।

अपने गृह क्षेत्र खटीमा का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह क्षेत्र उनके परिवार की तरह है और इसके विकास के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में विकास कार्यों की गति आगे भी जारी रहेगी और किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। साथ ही उन्होंने लोगों से उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के अभियान में सहभागी बनने का आह्वान किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि धामी सरकार जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पूरे उत्तराखंड की जनता की समस्याओं के प्रति सजग रहते हैं और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में खटीमा क्षेत्र में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और अन्य आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ भी वितरित किया गया। मत्स्य विभाग ने ओर्नामेंटल फिश यूनिट निर्माण के लिए लाभार्थियों को आर्थिक सहायता प्रदान की। कृषि विभाग ने स्वयं सहायता समूहों को फार्म मशीनरी बैंक स्थापना के लिए लाखों रुपये का अनुदान दिया तथा किसानों को उर्वरक वितरित किए। समाज कल्याण विभाग ने दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराए, जबकि स्वास्थ्य विभाग ने जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत महिलाओं को लाभान्वित किया। सहकारिता विभाग ने पंडित दीनदयाल योजना के तहत आठ लाभार्थियों को शून्य ब्याज दर पर एक-एक लाख रुपये के ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए।
इस अवसर पर दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, रणजीत सिंह नामधारी, किशन सिंह किन्ना, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद जोशी, जिला पंचायत सदस्य सागर सिंह धामी, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, नानकमत्ता नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेम सिंह टुरना, सांसद प्रतिनिधि रविंद्र राणा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तम सिंह नेगी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।



