नई दिल्ली : दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने प्रधानमंत्री आवास की ओर कांग्रेस के प्रदर्शन को लोकतांत्रिक परंपराओं के विपरीत बताते हुए इसकी कड़ी आलोचना की है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले तीन दिनों से राजधानी में जो घटनाक्रम देखने को मिल रहा है, वह स्वतःस्फूर्त छात्र आंदोलन नहीं, बल्कि कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, वामपंथी दलों और समाजवादी पार्टी द्वारा युवाओं को भड़काने की राजनीतिक कोशिश का परिणाम है।
मंगलवार को जारी बयान में मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री का पद देश के 140 करोड़ नागरिकों का सम्मान है और प्रधानमंत्री आवास का घेराव केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं और जनादेश का भी अपमान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह कदम लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि लगातार चुनावी पराजय के बाद कांग्रेस हताशा में सड़क की राजनीति कर रही है और संसद से लेकर सड़कों तक माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार, घोटालों और तुष्टीकरण की राजनीति के कारण जनता कांग्रेस को लगातार नकारती रही है, जिसके बाद अब विपक्ष आंदोलन के जरिए राजनीतिक माहौल बनाने की कोशिश कर रहा है।
हर्ष मल्होत्रा ने कांग्रेस के प्रदर्शन की निंदा करते हुए मांग की कि पार्टी प्रधानमंत्री और देश की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगे। साथ ही उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे विपक्ष की राजनीति का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से, शांति और अनुशासन बनाए रखते हुए दें।
उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सुरक्षित हाथों में है और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ता रहेगा।


