Tuesday, September 1, 2026
Google search engine
HomeBusiness70 साल की उम्र में राशन डीलर्स को हटाने के प्रावधान का...

70 साल की उम्र में राशन डीलर्स को हटाने के प्रावधान का विरोध, 200 से अधिक वरिष्ठ डीलर्स ने उठाई आवाज

 

नई दिल्ली, 31 अगस्त। दिल्ली सरकारी राशन डीलर्स संघ के बैनर तले सोमवार को केशव पुरम में 70 वर्ष की आयु पूरी कर चुके और प्रभावित वरिष्ठ राशन डीलर्स की बैठक आयोजित की गई। इसमें दिल्ली के विभिन्न इलाकों से 200 से अधिक FPS डीलर्स शामिल हुए। डीलर्स ने 24 जुलाई 2026 को जारी नए गजट में 70 वर्ष की आयु से संबंधित प्रावधान को लेकर अपनी चिंताएं रखीं।

बैठक में लोकसभा सांसद योगेंद्र चंदोलिया मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने वरिष्ठ राशन डीलर्स की समस्याएं सुनीं और कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के जरिए लंबे समय से गरीब और जरूरतमंद परिवारों तक राशन पहुंचाने में इन डीलर्स की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

डीलर्स ने कहा कि कई राशन डीलर्स ने 20 से 40 वर्ष या उससे अधिक समय तक सार्वजनिक वितरण प्रणाली में सेवाएं दी हैं। उनका कहना था कि केवल उम्र के आधार पर उनकी आजीविका और भविष्य प्रभावित होना गंभीर विषय है। उन्होंने कोविड-19 महामारी और लॉकडाउन के दौरान राशन वितरण में निभाई गई भूमिका का भी उल्लेख किया।

सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने आश्वासन दिया कि वह इस मामले को दिल्ली की मुख्यमंत्री, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा तथा पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के समक्ष रखेंगे। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ डीलर्स के अनुभव और लंबे सेवाकाल को ध्यान में रखते हुए उचित समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

संघ ने मांग की कि वरिष्ठ FPS डीलर्स के मामले में मानवीय और व्यावहारिक दृष्टिकोण अपनाया जाए तथा उनके लंबे अनुभव और सेवाकाल को देखते हुए उचित संरक्षण या संक्रमणकालीन व्यवस्था पर विचार किया जाए।

बैठक में डीलर्स ने एकजुट होकर शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग सरकार और संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखने का निर्णय लिया। संघ ने कहा कि उसका उद्देश्य किसी व्यक्ति या सरकार का विरोध करना नहीं, बल्कि वरिष्ठ राशन डीलर्स के सम्मान, आजीविका और भविष्य की सुरक्षा के लिए न्यायसंगत समाधान हासिल करना है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments