नई दिल्ली (जीतेन्द्र शर्मा): नंद नगरी थाना पुलिस की टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक चोरी के मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किया गया इलेक्ट्रॉनिक सामान, सोने-चांदी के आभूषण और वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की स्कूटी बरामद की है।
घर से एलसीडी टीवी, होम थिएटर और जेवरात चोरी
पुलिस के अनुसार, 9 जनवरी 2026 को नंद नगरी ई-ब्लॉक निवासी रविंदर पुत्र स्व. अनिल कुमार गुप्ता की शिकायत पर थाना नंद नगरी में FIR नंबर 22/26 दर्ज की गई। शिकायतकर्ता ने बताया कि 8 और 9 जनवरी की दरमियानी रात अज्ञात चोर उनके घर से एक सोनी एलसीडी टीवी, एक सोनी होम थिएटर, और सोने-चांदी के जेवरात से भरी तिजोरी चोरी कर ले गए।
जांच में जुटी पुलिस, दो आरोपी दबोचे
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी इंस्पेक्टर आनंद यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय जानकारी के आधार पर जांच करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई:
आरिफ (32 वर्ष), निवासी झुग्गी, जैन मंदिर के पास, सीमापुरी, दिल्ली
इरफान उर्फ इमरान उर्फ गजनी (28 वर्ष), निवासी सीमापुरी, दिल्ली
चोरी की स्कूटी और सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से DL-5SCH-8588 नंबर की स्कूटी बरामद की, जो थाना जगतपुरी क्षेत्र से चोरी की गई थी और इसी स्कूटी का इस्तेमाल वारदात में किया गया था।
लगातार पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात को स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर
सोनी एलसीडी टीवी, सोनी होम थिएटर, और चांदी के आभूषण बरामद किए गए। आगे की जांच में पुलिस ने एक और छापेमारी कर, एक मंगलसूत्र का पेंडेंट और सोने की एक जोड़ी बालियां भी बरामद की हैं।
अपराधिक रिकॉर्ड भी आया सामने
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी आरिफ पहले भी चोरी और स्नैचिंग के दो मामलों में शामिल रह चुका है, जबकि आरोपी इरफान के खिलाफ पहले आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज है।
फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपियों ने इससे पहले और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। नंद नगरी थाना पुलिस की इस कार्रवाई को इलाके में अपराध नियंत्रण की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।


