नई दिल्ली(जीतेन्द्र शर्मा):
दिल्ली भाजपा के पूर्वांचल मोर्चा द्वारा बुधवार को दिल्ली भाजपा कार्यालय के बाहर मकर संक्रांति उत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और सांस्कृतिक रंगों के साथ मनाया गया। इस अवसर पर संगीत कार्यक्रम के साथ दही-चूड़ा, गुड़ एवं लिट्टी-चोखा का सहभोज आयोजित किया गया, जिसमें हजारों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन रहे। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा की अध्यक्षता एवं पूर्वांचल मोर्चा अध्यक्ष संतोष ओझा के संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम में नितिन नबीन ने सभी देशवासियों एवं कार्यकर्ताओं को मकर संक्रांति की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मकर संक्रांति का सूर्य नई रोशनी, नई उमंग और नया उत्साह देने के साथ-साथ जरूरतमंदों की मदद करने का संदेश देता है। लोहड़ी, मकर संक्रांति और पोंगल जैसे पर्व समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि मकर संक्रांति का यह आयोजन केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि पूर्वांचल समाज की संगठनात्मक शक्ति, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि चुनावी जीत के बाद इस प्रकार का भव्य आयोजन कार्यकर्ताओं के उत्साह और भाजपा पर जनता के विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने पूर्वांचल समाज को दिल्ली में भाजपा की जीत का महत्वपूर्ण सूत्रधार बताते हुए कहा कि 27 वर्षों बाद भाजपा को सत्ता में लाने में इस समाज की अहम भूमिका रही है।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी कार्यक्रम में उपस्थित होकर कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल समाज आज दिल्ली की अर्थव्यवस्था की नींव बन चुका है। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि अब सरकार की जिम्मेदारी है कि दिल्लीवासियों की उम्मीदों पर खरा उतरते हुए लगातार विकास किया जाए। उन्होंने कहा कि दिल्ली अब वास्तव में प्रगति की पटरी पर लौट रही है।
कार्यक्रम में सांसद मनोज तिवारी के गीतों पर कार्यकर्ता और नेता झूमते नजर आए। भोजपुरी गायक पवन सिंह ने “मोदी-नीतीश की जोड़ी हिट हो गई” गीत प्रस्तुत कर माहौल को और उत्साहपूर्ण बना दिया।

पूर्वांचल मोर्चा अध्यक्ष संतोष ओझा ने अतिथियों का स्वागत मखाने की माला और मैथिली टोपी पहनाकर किया। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह, दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता, बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार, दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे, सांसद मनोज तिवारी सहित अनेक सांसद, विधायक, पदाधिकारी एवं हजारों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मकर संक्रांति का यह उत्सव सांस्कृतिक एकता, संगठनात्मक मजबूती और भाजपा कार्यकर्ताओं के उत्साह का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया।


