नई दिल्ली(जीतेन्द्र शर्मा): भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर निर्वाचन की औपचारिक घोषणा से पूर्व श्री नितिन नबीन ने मंगलवार प्रातः दिल्ली के विभिन्न धर्मस्थलों में जाकर पूजा-अर्चना की।

इस अवसर पर उनके साथ दिल्ली भाजपा अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र सचदेवा, दिल्ली सरकार के मंत्री श्री प्रवेश साहिब सिंह एवं सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा, भाजपा के राष्ट्रीय सह मीडिया प्रमुख श्री संजय मयूख सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने सबसे पहले शक्ति की देवी माता झंडेवाली के झंडेवालान स्थित मंदिर में दर्शन कर प्रार्थना की। इसके पश्चात मंदिर मार्ग स्थित श्री बाल्मीकि मंदिर, बाबा खड्गसिंह मार्ग स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर तथा श्री गुरुद्वारा बंगला साहिब में मत्था टेका।

गौरतलब है कि सोमवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन की प्रक्रिया पूरी हुई थी। जांच के बाद निर्वाचन अधिकारी ने घोषणा की कि श्री नितिन नबीन के अतिरिक्त किसी अन्य नेता ने इस पद के लिए नामांकन दाखिल नहीं किया। ऐसे में आज कुछ ही देर में श्री नितिन नबीन के निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने की औपचारिक घोषणा की जाएगी।
घोषणा के उपरांत प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।


