नई दिल्ली। छठ महापर्व से पहले दिल्ली के पूर्वांचली समाज को बड़ी सौगात मिली है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मुनक नहर के दोनों किनारों पर बनाए गए 11 किलोमीटर लंबे भव्य छठ घाट का उद्घाटन किया। इसके साथ ही सिंगलपुर रोड के चौड़ीकरण कार्य का भी उद्घाटन कर इसे दिल्ली की जनता को समर्पित किया गया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि कल से छठ महापर्व की शुरुआत हो रही है। इस पावन पर्व से पहले मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली के सभी छठ व्रतियों, सनातन धर्म के अनुयायियों और पूर्वांचल समाज को एक बड़ी सौगात दी है।

उन्होंने कहा कि मुनक नहर के किनारे 11 किलोमीटर लंबे छठ घाट का निर्माण पूर्वांचली समाज की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह परियोजना दिल्ली में रहने वाले लाखों पूर्वांचलवासियों के लिए विशेष महत्व रखती है। इससे छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और उन्हें पूजा-अर्चना के लिए व्यवस्थित स्थान उपलब्ध होगा।
नितिन नवीन ने कहा कि छठ महापर्व केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है। दिल्ली में बड़ी संख्या में पूर्वांचल के लोग इस पर्व को पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाते हैं। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक परिवार सम्मान और सुविधाओं के साथ इस महापर्व को मना सके।
वहीं, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में छठ महापर्व को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं। 11 किलोमीटर लंबे छठ घाट के उद्घाटन और सिंगलपुर रोड चौड़ीकरण को दिल्ली के विकास के साथ-साथ पूर्वांचली समाज की सुविधाओं से जोड़कर देखा जा रहा है।


