दिल्ली के सीलमपुर थाना क्षेत्र में लूट के दौरान हुई हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 5 फरवरी 2026 को करीब तीन बजे सीलमपुर थाने को सूचना मिली कि एक व्यक्ति बेहोशी की हालत में जनता द्वारा जेपीसी अस्पताल ले जाया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस को अस्पताल में पता चला कि 54 वर्षीय बनारसी दास को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया है।
जांच में सामने आया कि बनारसी दास को लूट के इरादे से रोका गया था। इस दौरान आरोपियों ने उस पर हमला किया, जिससे वह बेहोश हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई। घटना के संबंध में सीलमपुर थाने में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक महिला भी शामिल है। मामले की आगे की जांच जारी है।


