नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में बुधवार सुबह एक युवक का शव सड़क पर मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अवस्था में मिले युवक को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, 4 फरवरी 2026 की सुबह तड़के थाना शास्त्री पार्क को सूचना मिली कि शास्त्री पार्क फ्लाईओवर के पास एक व्यक्ति सड़क पर बेहोश हालत में पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां करीब 35 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति घायल अवस्था में मिला। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। शव को पहचान के लिए जीटीबी अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही फोरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने इस मामले में थाना शास्त्री पार्क में FIR नंबर 70/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 106(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस का मानना है कि यह मामला हिट एंड रन का हो सकता है। आरोपी वाहन और चालक की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और पुलिस की टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हुई हैं।


