नई दिल्ली, 12 अप्रैल 2026: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के दयालपुर इलाके में एक शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग की घटना सामने आई है, जिसमें बालकनी में खड़ी एक महिला घायल हो गई। यह घटना 11 अप्रैल 2026 की देर शाम की है।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिलते ही दयालपुर थाने की टीम गली नंबर-1, दयालपुर पहुंची। मौके पर जांच के दौरान पता चला कि शादी समारोह के दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने हवाई फायरिंग की, जिसकी एक गोली पास की बालकनी में खड़ी महिला को लग गई। घायल महिला को उसके पति द्वारा तुरंत GTB अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। इस संबंध में थाना दयालपुर में एफआईआर संख्या 159/26 दर्ज की गई है। मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 324(6)/3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत पंजीकृत किया गया है।
पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल अज्ञात आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जांच जारी है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि शादी या अन्य समारोहों में हर्ष फायरिंग जैसी खतरनाक और अवैध गतिविधियों से बचें, क्योंकि इससे किसी की जान को गंभीर खतरा हो सकता है।


